UP News: 322 ग्राम सोना, 640 ग्राम चांदी, 42 हजार रुपये ले भागे, उचक्कों ने 22 किमी तक की रेकी; तीन गिरफ्तार
वाराणसी के पड़ाव चाैराहे के पास ऑटो चालक ने शातिर तरीके से अपनी गाड़ी से व्यापारी को बैठा लिया था। उसके तीन दोस्त चंदौली से ही व्यापारी का पीछा कर रहे थे। वाराणसी पहुंचते ही उसका सोना-चांदी गायब कर दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
Varanasi News: पड़ाव से मैदागिन आने के दौरान एक ऑटो में सवार उचक्के एक आभूषण व्यापारी के बैग से 322 ग्राम सोना, 640 ग्राम चांदी और 42 हजार रुपये निकाल कर भाग गए। घटना के संबंध में मिर्जापुर के अदलहाट थाने के चकईपुर, डेढ़ौना निवासी व्यापारी गोपाल कांत की तहरीर पर शनिवार को आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसओजी और पुलिस की टीम संदिग्ध गतिविधियों वाले चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस मामले में सक्रिय हुई आदमपुर पुलिस ने कुछ देर में ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे ऑटो को ट्रेस कर तीन उचक्कों को पकड़ लिया। मामले की जानकारी पाकर एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी. शनिवार दोपहर आदमपुर थाने पहुंचे और पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ की।
हिरासत में लिए गए उचक्कों ने बताया कि वह सर्राफा व्यापारी के पीछे चंदौली से लगे थे। मौका देख कर उसे पड़ाव चौराहे पर अपनी ऑटो में बैठा लिया। इस मामले में उनके साथ एक और युवक भी था, जो कि फरार है। पुलिस और एसओजी की टीम फरार अभियुक्त की तलाश में लगी है।
घटना के संबंध में जब सर्राफा कारोबारी गोपाल से संपर्क किया गया तो वह कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुआ। देर शाम तक आदमपुर थाने पर पकड़े गए उचक्कों से पुलिस और एसओजी की टीम पूछताछ कर रही थी।
पुलिस ने की कार्रवाई
मूल रूप से अदलहाट बाजार निवासी सर्राफा व्यापारी गोपाल शुक्रवार को 410 ग्राम गला हुआ सोना और चांदी लेकर पड़ाव पहुंचे। वहां से मैदागिन जाने के लिए एक ऑटो में बैठ गए। ऑटो में चालक के अलावा पहले से ही तीन युवक सवार थे।
रास्ते में सुनियोजित तरीके से ऑटो चालक और पीछे बैठे युवकों ने गोपाल का बैग काटकर उसमें रखा सोना और चांदी निकाल लिया। इसके बाद उन्हें हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास उतारकर फरार हो गए।
एक साथी की तलाश कर रही पुलिस
गोपाल ने बैग चेक किया तो उसमें सोना और चांदी गायब था। गोपाल ने तुरंत पड़ाव पहुंचकर ऑटो चालक की तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वह आदमपुर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सर्राफा कारोबारी की शिकायत पर आदमपुर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी केके गुप्ता ने तत्काल टीम गठित कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग, पड़ाव चौराहा और चंदौली मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किया। जिसमें घटना को अंजाम देने वाले उचक्के और उनकी ऑटो नजर आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन उचक्कों को धरदबोचा, जबकि उनका एक साथी पहले ही फरार हो गया। हालांकि, देर शाम तक पुलिस ने यह नहीं बताया कि सर्राफा व्यापारी का माल बरामद हुआ है या नहीं। पुलिस पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है।