वंदेभारत मिशन: बांग्लादेश में फंसे यात्रियों को एयर इंडिया की फ्लाइट से किया गया एयरलिफ्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वंदे भारत मिशन के तहत मंगलवार दोपहर करीब एक बजे 67 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विमान एआई1267 वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। एयर इंडिया का विमान एआई 1267 ढाका से 8:30 बजे चलकर अमृतसर पहुंचा और वहां से यह विमान वाराणसी एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरकर दोपहर 1:05 बजे वाराणसी आया।
जानकारी के अनुसार भारत-बांग्लादेश मैत्री पावर प्रोजेक्ट के तहत पावर मीच कंपनी में कर्मचारी कार्य करने के लिए गए थे, जिसका काम चल रहा था। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण बांग्लादेश में भी लॉकडाउन कर दिया गया था, जिसके कारण चार महीने पहले काम करने गए कर्मचारी ढाका मे फंस गए थे।
यात्रियों ने बताया कि सभी कर्मचारियों को पूरे महीने की सैलरी दी गई, लेकिन अंत के एक महीने की मात्र 25 प्रतिशत सैलरी ही मिली। हालांकि कर्मचारियों के रहने खाने की व्यवस्था कंपनी ने की थी। वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान संतोष गुप्ता एचआर हेड बीएचईएल तरना वाराणसी और टीम वाराणसी मौजूद रहे।
वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद एक बस और दो ऑटो से सभी यात्रियों को अंबेडकरनगर, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, बहराइच, पीलीभीत, अलीगढ़, गाजीपुर, बलिया, छपरा के लिए भेजे गए। जिले में सभी यात्रियों को होम क्वारंटीन किया जाएगा।
प्रवासी भारतीय को वंदे भारत मिशन के तहत वाराणसी एयरपोर्ट पर 18 मई को लंदन से 82 भारतीय यात्री पहुंचे थे। वहीं 29 मई को दुबई से 189 यात्री वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। मंगलवार को 67 यात्रियों को लेकर ढाका से एयर इंडिया का विमान वाराणसी पहुंचा। वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुचंने के बाद सभी यात्रियों के हाथों पर होम क्वारंटीन की मुहर लगा दी गई है।