कोरोना काल में युवाओं की बढ़ रही परेशानी, किसी को तनाव, तो किसी को अनिद्रा और भविष्य की चिंता, मनोचिकित्सकों के पास सलाह लेने पहुंच रहे लोग
वाराणसी के मंडलीय और बीएचयू अस्पताल में हर दिन कई लोग मनोचिकित्सकों के पास सलाह लेने पहुंच रहे हैं। इनमें से ज्यादातर युवा लोग है। वह पोस्ट कोविड समस्याओं और बीमारी से जूझ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना काल में किसी को नौकरी छूटने का गम है तो कोई संक्रमण के बाद होने वाली बीमारियों के साथ ही कॅरियर को लेकर चिंतित है। वहीं, कुछ लोग संभावित तीसरी लहर को लेकर भी तनाव में हैं। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और बीएचयू अस्पताल के मनोचिकित्सा विभाग में चलने वाली ओपीडी में 18 से लेकर 70 साल तक के लोग इन दिक्कतों के साथ-साथ पोस्ट कोविड की समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। मंडलीय अस्पताल में रोज 20 जबकि बीएचयू में 25 मरीज पहुंच रहे हैं। ज्यादातर को घबराहट, तनाव, उदासी और अनिद्रा की परेशानी है। चिकित्सकों की ओर से कुछ लोगों की काउंसलिंग कर तनावमुक्त जीवन जीने की सलाह दी जा रही है तो कुछ को बीमारियां दूर करने के लिए जरूरी दवाइयां भी देनी पड़ रही हैं।
युवाओं की संख्या अधिक
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में मनोचिकित्सक डा. अमनदीप गिल ओहरी के मुताबिक इनमें युवाओं की संख्या अधिक है। ओपीडी में हर दिन 18 से लेकर 40-45 साल तक के 15 से 20 लोग आ रहे हैं। कुछ रोजगार छिनने से तनाव में हैं तो छात्रों को पढ़ाई न होने और भविष्य की चिंता है।
स्वास्थ्य केंद्रों पर भी हो रही काउंसलिंग
मनोचिकित्सक डॉ. रवींद्र कुशवाहा के मुताबिक, स्वास्थ्य केंद्रों पर भी काउंसलिंग की जा रही है। बृहस्पतिवार को सीएचसी चोलापुर में विशेष ओपीडी में आने वाली महिलाओं, बच्चों ने लंबे समय से घर में रहने, बाहर न निकल पाने की बात कही। उनका कहना था कि उन्हें भविष्य को लेकर भी चिंता हो रही है।
इन बातों का रखना होगा ध्यान :
नियमित योग और व्यायाम जरूरी
घर में परिवार को सदस्यों के साथ बातचीत करें
भोजन में हरी सब्जियों और मौसमी फलों को अवश्य शामिल करें
रोजाना सात से आठ घंटे की नींद अवश्य लें
किसी प्रकार के तनाव पर बिना डॉक्टर की सलाह कोई कदम न उठाए।
बीएचयू में पोस्ट कोविड टास्क फोर्स कमेटी गठित
बीएचयू के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए पोस्ट कोविड टास्क फोर्स कमेटी का गठन किया गया है। मनोचिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. संजय गुप्ता की अध्यक्षता वाली कमेटी विभिन्न माध्यमों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में लगी है। प्रो. गुप्ता ने बताया कि वेबिनार सहित अन्य आयोजन भी हो रहे हैं। ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके।