पवित्र काशी अभियान शुरू: पंचक्रोशी क्षेत्र में मांस-मदिरा की बिक्री रोकने की मांग, सीएम को सौंपेंगे सहमति पत्र
पवित्र काशी अभियान के तहत पंचक्रोशी क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित करने की मांग है। इसके लिए काशी के सभी समाज के प्रतिनिधियों से समर्थन पत्र एकत्रित किया जाएगा।
विस्तार
भगवान शिव की नगरी काशी में मांस मदिरा के खिलाफ पवित्र काशी अभियान का आगाज रविवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा पूजन के साथ हो गया। शास्त्रीय विधि से पूजन-अर्चन के बाद वहां मौजूद अतिथियों से अभियान से ऑनलाइन समर्थन पत्र भरवाया गया।
पवित्र काशी अभियान के तहत पंचक्रोशी क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित करने की मांग है। इसके लिए काशी के सभी समाज के प्रतिनिधियों से समर्थन पत्र एकत्रित किया जाएगा। करीब 50 हजार ऑनलाइन समर्थन पत्र भरवाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा जाएगा। सामाजिक संस्था आगमन और ब्रह्म सेना ने यह अभियान चलाया है।
हरिद्वार-मथुरा में मांस- मदिरा पर बैन तो काशी में क्यों नहीं
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि आगमन संस्था एवं ब्रह्म सेना द्वारा आरंभ किए गए अभियान का हम पूर्ण रूप से समर्थन करते हैं। पूरा संत समाज इस अभियान को गति देते हुए काशी को मांस, मदिरा से मुक्त करने का काम करेगा। पं. किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज ने मांस और मदिरा को स्वस्थ समाज के लिए सही बताया।
आगमन की अध्यक्ष रूचि दीक्षित ने कहा कि संस्था का यह अभियान आज की आवश्यकता है। जिसे देर से ही सही सरकार को संज्ञान में लेते हुए इस मुद्दे पर निर्णय लेना चाहिए। ब्रह्म सेना अध्यक्ष डाक्टर गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा की जब हरिद्वार, मथुरा जैसे तीर्थ स्थलों पर मांस, मदिरा प्रतिबंधित है तो फिर मोक्ष नगरी काशी में क्यों नहीं। इस दौरान अन्नपूर्णा मंदिर के महंथ शंकर पुरी , ज्योतिषाचार्य प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय समेत कई लोग मौजूद रहे।