पंचायत चुनाव : चार गांव के पांच बूथों पर 29 को होगी दोबारा वोटिंग, पुनर्मतदान की तैयारी शुरू
वाराणसी में परसादपुर, रायपुर, गरथौली, मवैया में चुनाव प्रक्रिया हुई थी बाधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वाराणसी के चार गांव के पांच बूथों पर 29 अप्रैल को दोबारा मतदान होगा। इसके लिए चुनाव प्रेक्षक ईशा दुहन ने राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी थी। जिस पर चुनाव आयोग 29 अप्रैल को पुनर्मतदान की तारीख भेजी है। प्रेक्षक के अनुसार परसादपुर, रायपुर, गरथौली, मवैया में चुनाव प्रक्रिया बाधित हुई थी। पुनर्मतदान की तैयारी शुरू कर दी गई है।
पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा के अनुसार पांचों बूथों पर नए सिरे से चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यहां के लिए नई पोलिंग पार्टियों का गठन किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी 28 को होगी। 29 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इनमें जिला पंचायत सदस्य, प्रधान और बीडीसी पद पर दोबारा मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि पिंडरा के परसादपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य, प्रधान और बीबीसी तीनों पदों पर दोबारा मतदान होगा।
19 अप्रैल को यहां बूथ संख्या 310 में मतदान के बाद कुछ अवांछनीय तत्वों ने मतपेटी को अपने कब्जे में ले लिया था। जिसके चलते उसकी सील टूट गई थी। इसी गांव के बूथ संख्या 311 में मतदान के बाद कुछ अवांछनीय तत्वों ने मतपेटी पर पथराव किया। मतपेटी एक घंटे तक लावारिस पड़ी थी। यहां पर पीठासीन अधिकारी द्वारा एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। चोलापुर के गरथौली गांव में बीडीसी पद पर दोबारा मतदान होगा। यहां पर वार्ड 18 में 6 और वार्ड 19 में पांच चुनाव चिह्न वाले मतपत्र के स्थान पर दूसरे मतपत्र से मतदान हुआ था।
चोलापुर के मवैया गांव में जिला पंचायत सदस्य पद पर दोबारा मतदान होगा। सेक्टर 4 के 17 उम्मीदवारों के स्थान पर सेक्टर 5 के 10 उम्मीदवारों वाले मतपत्र से मतदान हुआ था। बड़ागांव ब्लाक के रायपुर गांव में बीडीसी पद पर दोबारा मतदान होगा। यहां पर वार्ड संख्या 55 के मतपत्र वार्ड संख्या 54 को जारी कर दिया गया था। इसके चलते मतदान प्रक्रिया बाधित हुई थी। इन सभी जगह पर 29 को दोबारा मतदान होगा।