'एलेक्स' नाम के तोते को ढूंढ कर लाने वाले को मिलेगा 5100 रुपये का इनाम, तीन दिन से है लापता
अगर आपको 5100 रुपये का इनाम जीतना है तो एलेक्स को ढूंढना होगा। मालिक ने एलेक्स के खो जाने के बाद इसको ढूंढ कर लाने वाले को 51 सौ रुपये इनाम में देने की घोषणा की है। जी नहीं, एलेक्स कोई बच्चा या पालतू जानवर नहीं है, ये एक पालतू तोता है, जिसका नाम एलेक्स रखा गया है।
दरअसल, वाराणसी के जैतपुरा थाने में जब तोते की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने एक परिवार पहुंचा तो लोग हैरत में पड़ गए। दारानगर निवासी शिक्षक अरविंद कुमार सिंह का तोता घर से लापता हो गया है। अरविंद के साथ उनके परिजनों ने तोते की तलाश करने के बाद जौतपुरा कोतवाली में एलेक्स के लापता होने के बाबत गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
अरविंद ने अपने तोते की गुमशुदगी में पोस्टर भी छपवा कर मोहल्ले के साथ आस-पास क्षेत्रों में चस्पा किए हैं। उन्होंने बताया कि तोते को ढूंढ कर लाने वाले या उसका पता बताने वाले को 51 सौ का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
शुक्रवार से लापता है अरविंद का तोता
कोतवाली पहुंचे शिक्षक अरविंद ने पुलिस को बताया कि उनका तोता देते शुक्रवार से लापता है। घरवालों ने आस-पास उसकी बहुत तलाश की लेकिन तोते का कहीं पता नहीं चला। अरविंद के घर वालों ने कई वर्ष से तोते को पाल कर रखा था। उनका कहना है कि तोता उनके लिए परिवार की तरह था।
तोते की तलाश के लिए अरविंद के घरवालों ने सोशल मीडिया पर भी उसकी फोटो अपलोड किया है। जिसमें लिखा है कि एक व्यक्ति का तोता खो गया है। उसके लिए उसने पम्फलेट छपवाने से लेकर थाने में तहरीर भी दी है और इनाम भी घोषित किया है।