वाराणसी: लखनऊ में सराफा से चोरी की घटना से शहर के कारोबारियों में आक्रोश, बस में से गायब हुई थी 28 किलो चांदी
वाराणसी निवासी ओमप्रकाश सराफ कारोबार के सिलसिले में लखनऊ गए थे। लौटते समय उनके पास 10 किलो चांदी और 18 किलो चांदी के जेवर थे। रविवार रात आलमबाग रोडवेज बस स्टेशन पर चांदी से भरा बैग बस की सीट पर रखकर ओमप्रकाश पानी लेने चले गए। जब लौटे तो बैग गायब था और बगल की सीट पर बैठे छह युवक भी लापता थे।
विस्तार
वाराणसी के बड़ी पियरी निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश की लखनऊ में हुई 28 किलो चांदी चोरी की घटना को लेकर शहर के सराफा कारोबारियों में आक्रोश है। चौक स्थित सुड़िया सराफा थोक मंडी के व्यापारी के साथ हुई घटना और लखनऊ की आलमबाग पुलिस की लापरवाही को लेकर कारोबारियों ने काफी नाराजगी जताई।
कारोबारियों के अनुसार कारोबारी ओमप्रकाश ने दो संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, बावजूद पुलिस माल की बरामदगी नहीं कर सकी। रविवार शाम की घटना के बाद अब तक लखनऊ पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
बस में से गायब हुआ बैग
चौक थाना क्षेत्र के बड़ी पियरी निवासी ओमप्रकाश सराफ कारोबार के सिलसिले में लखनऊ गए थे। लौटते समय उनके पास 10 किलो चांदी और 18 किलो चांदी के जेवर थे। रविवार रात आलमबाग रोडवेज बस स्टेशन पर चांदी से भरा बैग बस की सीट पर रखकर ओमप्रकाश पानी लेने चले गए। जब लौटे तो बैग गायब था और बगल की सीट पर बैठे छह युवक भी लापता थे।
पुलिस पर लगाया आरोप
खोजबीन के बाद ओमप्रकाश ने दो युवकों को बस स्टेशन से पकड़ लिया और आलमबाग पुलिस चौकी ले गए। आरोप है कि पुलिस ने उन दो युवकों से कड़ाई से पूछताछ नहीं की। यदि उसी समय पुलिस तेजी दिखाई होती तो चार युवकों के साथ माल बरामदगी भी हो जाती। ओमप्रकाश की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने सोमवार को छह अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया।
सराफा कारोबारियों की सुनवाई पर पुलिस त्वरित कार्रवाई नहीं करती है। उसी समय पुलिस एक्शन ली होती तो माल बरामद हो जाता। लखनऊ पुलिस मामले को टरकाती रही।-सत्यनारायण सेठ, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ कर्ज और कितनी मुसीबतें लेकर सराफा कारोबारी काम करता है, ऐसे में उसके साथ इस तरह का अपराध होता है तो पुलिस को तत्काल एक्शन लेना चाहिए। जिससे वह ठीक से कारोबार कर सके। -शैलेश वर्मा, महामंत्री, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ
इस तरह की घटनाएं होंगी तो फिर सराफा कारोबारी बाहर व्यापार करने ही नहीं जाएगा। लखनऊ में इस तरह की घटना होना और व्यापारी को पुलिस से कोई मदद नहीं मिलना बेहद दुखद है।- रवि सराफ, प्रवक्ता, वाराणसी सराफ एसोसिएशन
सराफा कारोबारी के माल की बरामदगी होनी चाहिए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ताकि व्यापारियों को कारोबार करने में सहूलियत हो। किसी तरह का भय न रहे। -किशोर सेठ, जिला महामंत्री, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ