सुभासपा के अध्यक्ष बोले: सपा के साथ गठबंधन का मऊ से करेंगे एलान, भाजपा सरकार सत्ता से होगी बाहर
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा। इसके लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर गठबंधन की रणनीति तैयार की जा रही है।
विस्तार
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान जनता प्रदेश में बदलाव चाहती है। विधानसभा चुनाव में भागीदारी संकल्प मोर्चा भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा। इसके लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात कर गठबंधन की रणनीति तैयार की जा रही है। इस गठबंधन का एलान 27 अक्तूबर को मऊ के हलधरपुर में आयोजित सभा में किया जाएगा।
सुभासपा अध्यक्ष गुरुवार को वाराणसी के सारनाथ के घुरहुपुर में पार्टी के सचिव सुनील पटेल के पिता के निधन पर शोक जताने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव के लिए भागीदारी संकल्प मोर्चा तैयार है। सपा और प्रसपा पर कहा कि पारिवारिक मतभेद होते रहते हैं। सभी का विजय रथ लखनऊ में आकर एक साथ मिल जाएगा। 2022 में भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे। आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार 100 करोड़ वैक्सीनेशन का झूठा आंकड़ा प्रस्तुत कर रही है।
प्रदेश सचिव को बंधाया ढांढस
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बृहस्पतिवार को सारनाथ के घुरहुपुर स्थित पार्टी के प्रदेश सचिव सुनील पटेल के आवास पर पहुंचे। वहां सचिव के पिता के निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजली दी। साथ ही परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद सोनभद्र निकल गए। इस मौके पर अजगरा विधायक कैलाशनाथ सोनकर, प्रदेश प्रवक्ता शशिप्रताप सिंह, रमेश राजभर, जागेश्वर राजभर, दशरथ राजभर मौजूद रहे।
गरीबी नहीं गरीबों को हटाने आई है जुमले वाली सरकार: ओमप्रकाश
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जुमलेवाली सरकार गरीबी नहीं गरीबों को हटाने आई है। सबसे अधिक राजस्व देने के बाद भी सोनभद्र का अपेक्षित विकास न होने के लिए सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियां जिम्मेदार हैं। पूर्व मंत्री ने जनता से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में खुलकर इसका जवाब दें, ताकि इनके होश उड़ जाएं।
सोनभद्र के रामलीला मैदान में आयोजित अधिकार सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सबसे गरीब अगर देश में कोई है तो अमित शाह के पुत्र, जिनके लाखों-करोड़ों कर्ज माफ कर दिए जाते हैं। सबसे अधिक बिजली देने वाला जनपद खुद अंधेरे का दंश झेल रहा है। इस जुमलेबाज सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। जुमले वाली सरकार केवल अपने भाषणों में लंबे-लंबे वादे करती है।
महंगाई पर किया वार
जब देश और प्रदेश में भाजपा सरकार नहीं थी तो इन के बड़े-बड़े नेता आते थे और बड़े-बड़े वादे करते थे, लेकिन आज क्या स्थिति उत्पन्न हो गई है कि 60 का डीजल 100 के करीब पहुंच गया। वही पेट्रोल 100 पार हो गया। 350 का गैस 1000 पार हो गया है। यह जुमलेबाजी वाली सरकार गरीबी हटाने नहीं गरीबों को हटाने आई है। अब भी हमारे हाथ में वक्त है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब आम जनता अपना मत देकर देने का कार्य करे।
कहा कि महंगाई चरम सीमा पर, बेरोजगारी सड़क पर, शिक्षा व्यवस्था नदारद है। इस सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। विशिष्ट अतिथि कैलाशनाथ सोनकर व संतोष पांडेय प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार गौड़ ने कहा कि सपा के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाएंगे। पिछड़े आदिवासी समाज को हक दिलाएंगे।