BHU News: फीस वृद्धि के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला, सुरक्षाकर्मियों से हुई नो
बीएचयू में हॉस्टल के साथ ही विभिन्न पाठयक्रमों में फीस वृद्धि के विरोध में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के कार्यकर्ताओं ने शिक्षामंत्री का पुतला फूंका।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में विभिन्न पाठयक्रमों में फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के कार्यकर्ताओं ने शिक्षामंत्री का पुतला फूंका। मधुबन पार्क के पास उनकी प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से जमकर नोकझोंक भी हुई। पुतला फूंकने से पहले कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान शिक्षामंत्री और कुलपति के विरोध में नारेबाजी की गई।
कहा कि बीएचयू प्रशासन प्रतिभावान छात्रों के साथ अन्याय कर रहा है। चंदन मेहता ने कहा कि बीएचयू में फीस वृद्धि के कारण ग्रामीण और आदिवासी परिवेश से आने वाले वंचित तबके के छात्रों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। राजीव नयन ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति शिक्षा विरोधी है।
बीएचयू प्रशासन इसी नीति का अनुसरण करते हुए छात्रों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करने में लगा है। मांगें पूरी न होने पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान राणा रोहित, वंदना उपाध्याय, अभिनव मणि त्रिपाठी, कपिश्वर मिश्र, अभिषेक गोंड आदि मौजूद रहे।
हॉस्टल से कमरा निरस्त होने के विरोध में बीएचयू छात्रों का धरना
बीएचयू के बिरला सी हॉस्टल में रहने वाले छात्र सामंत सोनकर का कमरा निरस्त होने के विरोध में छात्र हॉस्टल के बाहर निकल आए। यहां रास्ता जाम कर धरने पर बैठ गए। देर शाम छात्रों के धरने पर बैठने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर प्रो. अभिमन्यु सिंह ने समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र तुरंत कमरा बहाली की मांग पर अड़े रहे। इधर, छात्रों के रास्ता जाम करने की वजह से बिरला हॉस्टल वाले रास्ते से आगे जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्राें के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।
बीएचयू आयुर्वेद संकाय के छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में पीजी की सीट वृद्धि को लेकर छह दिन से धरने पर बैठे छात्रों ने बुधवार की शाम को वीसी आवास से सिंह द्वार तक कैंडल मार्च निकाला। विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। सैकड़ों छात्र हाथ में कैंडल लेकर सिंह द्वार तक गए। इसके बाद वहां से वापस धरना स्थल पर आए।
कहा कि पांच साल से सीट वृद्धि की मांग की जा रही है। संकाय प्रमुख भी बातचीत के लिए आए लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकाला। चेतावनी दी कि जब तक मांगें नहीं मान ली जाती है, तब तक धरना जारी रहेगा। लिहाजा छात्रों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। इधर छात्रों के धरने की वजह से वीसी आवास से एलडी गेस्ट हाउस तक का बंद रास्ता नहीं खुल सका है।