संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय: अब शोध छात्रों को पंजीकरण के लिए देने होंगे 25 हजार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वित्त समिति की संस्तुति और कार्य परिषद की स्वीकृति के बाद शुल्क व पारिश्रमिक निर्धारित कर दिया गया है।
विस्तार
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वाचस्पति, विद्यावारिधि और एमडी एमएस के पंजीकरण व शोध परीक्षण के लिए नई फीस संरचना और पारिश्रमिक को लागू कर दिया गया है। इसके अलावा सहायक आचार्य नियुक्ति के लिए प्रश्नपत्र निर्माण और एमएड प्रवेश परीक्षा के लिए शुल्क लागू किया गया है।
वित्त समिति की संस्तुति और कार्य परिषद की स्वीकृति के बाद शुल्क व पारिश्रमिक निर्धारित कर दिया गया है। कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि वाचस्पति में पंजीकरण के लिए छात्रों को अब 25 हजार, शोध प्रबंध परीक्षण के लिए 25 हजार, शोध प्रबंध परीक्षण और मौखिक परीक्षा के लिए पारिश्रमिक 15 सौ रुपये तय किया गया है।
पीएचडी में कोर्स वर्क के लिए 30 हजार रुपये, पंजीकरण के लिए दो हजार रुपये, शोध प्रबंध परीक्षण का शुल्क 15 हजार, कोर्स वर्क एवं प्री सब्मिसन आदि प्रमाणपत्रों की प्रतिलिपि प्रति प्रमाणपत्र सौ रुपये रखा गया है। शोध प्रबंध परीक्षण, मौखिक परीक्षा का पारिश्रमिक 15-15 सौ, शोध प्रवेश परीक्षा का प्रति प्रश्नपत्र 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
एमडी/एमएस के लिए पंजीकरण आवेदन पत्र के लिए एक हजार रुपये, पंजीकरण के लिए पांच हजार और शोध प्रबंध परीक्षण का शुल्क 20 हजार रुपये रखा गया है। शोध प्रबंध मूल्यांकन का पारिश्रमिक 750 और मौखिक परीक्षा प्रति छात्र 500 रुपये शुल्क है। सहायक आचार्य नियुक्ति के लिए प्रश्न पत्र निर्माण प्रति प्रश्नपत्र सौ रुपये और एमएड प्रवेश परीक्षा के लिए प्रति प्रश्न पत्र 40 रुपये निर्धारित किया गया है।