जौनपुर में कपड़े में लिपटी बच्ची मिली: नहर किनारे झुरमुट से आ रही थी रोने की आवाज, नवजात पूरी तरह स्वस्थ
जून महीने में गाजीपुर और आजमगढ़ में तीन नवजात लावारिस मिले थे। बृहस्पतिवार की रात जौनपुर के मछलीशहर क्षेत्र स्थित कान्हापुर गांव के पास नहर किनारे कपड़े में लपेट कर एक बच्ची पड़ी मिली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और आजमगढ़ में कुछ दिनों पूर्व तीन लावारिस नवजात मिले थे। गाजीपुर में दो बच्ची और आजमगढ़ में एक बच्चा मिला था। इसके बाद अब जौनपुर में भी बृहस्पतिवार की रात नहर किनारे कपड़े में लपेट कर एक बच्ची पड़ी मिली। पूर्वांचल में कुछ दिनों से नवजात बच्चियों के मिलने की खबर से लोगों की रूह कांप रही है। कलयुगी माता पिता ऐसी मासूम बच्चियों को लावारिस छोड़कर समाज को शर्मिंदा कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार की रात 10 बजे जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कान्हापुर गांव के पास से गुजरे नहर के पुलिया के पास लोगों ने किसी बच्चे की रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो नहर किनारे झुरमुट में एक नवजात बच्ची को कपड़े में लपेट कर फेंका गया था। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बच्ची मिलने की सूचना मछलीशहर पुलिस को दी। सब इंस्पेक्टर भगवान यादव हमराहियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंच। पुलिस की मदद से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टर अमरेश चंद्र अग्रहरि ने बताया कि नवजात स्वस्थ्य है। उसका वजन एक किलो 600 ग्राम है। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि बच्ची को चाइल्ड लाइन जौनपुर में भेज दिया गया है।
गाजीपुर में मिली बच्ची को यूपी सरकार ने लिया है गोद
गाजीपुर जिले के ददरी घाट पर गंगा किनारे एक लकड़ी के बक्से में 15 जून को गुल्लू मल्लाह को बच्ची मिली थी। बक्से में देवी-देवताओं के फोटो भी थे। साथ ही बक्से में एक जन्म कुंडली भी मिली। जन्मकुंडली में बच्ची का नाम गंगा लिखा हुआ था। लखनऊ में समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि गाजीपुर में मिली बच्ची की देखभाल राज्य सरकार करेगी।
17 जून को गाजीपुर में मिली दूसरी बच्ची
गाजीपुर जिले में 15 जून को बच्ची मिलने के बाद 17 जून की सुबह जखनिया थाना क्षेत्र में पुलिस गस्ती दल को झाड़ी में एक और बच्ची मिली थी। बच्ची को जखनिया सीएससी में रखा गया और सीडब्ल्यूसी को सुपुर्द किया गया।
16 जून को आजमगढ़ में मिला था नवजात बच्चा
आजमगढ़ जिले में 16 जून को रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव स्थित तालाब के पास झाड़ियों में एक नवजात बच्चा रोता मिला था। सुबह पोखरे के पास घूम रहे कुछ युवकों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर जाकर देखा तो एक नवजात जमीन पर पड़ा रो रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा था।