Navratri 2024: काशी में पारिजात की पंखुड़ी नहीं गड्ढे, कीचड़ भरी सड़कों से पंडालों तक पहुंचेंगी मां शेरावाली
काशी में पारिजात की पंखुड़ी नहीं खस्ताहाल सड़कों से होकर पंडालों तक मां शेरावाली पहुंचेंगी। त्योहारी सीजन में नौ दिन में शहर की 90 किलोमीटर खराब सड़कें बनाने की चुनौती है।
विस्तार
पारिजात की पंखुड़ियों से होकर पंडालों में आने वाली मां शेरावाली इस बार खस्ताहाल सड़कों से होकर गुजरेंगी। 3 अक्तूबर से नवरात्र है। आगामी 15 नवंबर तक लगातार त्योहार पड़ेंगे। इन पंडालों तक पहुंचने वाले भक्तों को न केवल गिटि्टयां चुभेंगी बल्कि उनकी आस्था भी आहत होगी। सड़क बनाने वाले विभागों के पास मात्र 9 दिन में 90 किमी सड़कें बनाने की चुनौती है।
जिले में छोटे-बड़े 648 पूजा पंडाल बनाए जाते हैं। इनमें भक्त अपनी श्रद्धा से मां की स्थापना करते हैं। इन पूजा पंडालों के आसपास कोई तैयारी नहीं दिख रही है। बैठकों तक सीमित कार्यवाही सड़क पर नदारद है। जबकि लगातार आला अधिकारियों की ओर से संबंधित विभागों को हिदायत दी जा रही है।
त्योहारी सीजन शुरू होने के पहले ही पीडब्ल्यूडी, नगर निगम की सड़कों की खोदाई शुरू हो गई है। महमूरगंज, पांडेयपुर, सुंदपुर के पास गैस कंपनियों ने खोद रखा है। इसके अलावा लीकेज मरम्मत के नाम पर जलकल ने मंडुवाडीह सहित कई जगहों सड़कों को खोदा है। इसके अलावा मोबाइल कंपनियों ने भी तार डालने के नाम पर खोदाई कर रखी है।
शहर की टूटी सड़कों से लग रहा जाम
टूटी सड़कों, गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक बचकर किनारे से निकलने का प्रयास करते हैं। इसके चक्कर में दूसरी ओर से आने वाले वाहनों को जगह नहीं मिल पाती है। इससे जाम लग जा रहा है। जिसे छुड़ाने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट जाते हैं।
खोदी गई सड़कों से हादसे का बढ़ा खतरा
त्योहारी सीजन में खोदी गई सड़कों से हादसे का खतरा बढ़ गया है। अमूमन खोदी गई सड़कों की मरम्मत में कोताही बरतने के दौरान अक्सर हादसे हो जाते हैं। इसके चलते न केवल लोग चोटिल होते हैं बल्कि कई बार लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। नवरात्र में भक्तों की भीड़ लाखों में होगी।
दुर्घटनाओं को दावत दे रहे पंडालों पर लटकते तार लहरतारा सहित कई पूजा पंडालों के पास बिजली के लटकते तार दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। इन पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता है। खुले और लटकते तारों को आइसोलेट करने की आवश्यकता है।
जिले के प्रभारी मंत्री ने इन कार्यों को करने की दी थी हिदायत
इन पूजा पंडालों के आसपास की सड़कें खराब, लटकते तार जगतगंज में आकर्षक लाइटिंग के लिए लाखों की संख्या में भीड़ आती है। यहां की सड़क ऊबड़ खाबड़ है। इसी प्रकार दुर्गाकुंड मंदिर के सामने, जैतपुरा, विश्वेश्वरगंज, लहरतारा, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, औरंगाबाद, लक्सा, गिरजाघर, चेतगंज, नई सड़क, सामनेघाट, पांडेयपुर, सारनाथ, पहड़िया आदि हैं।
क्या बोले अधिकारी
सड़कों को दुरुस्त कराने का काम शुरू कर दिया गया है। जहां जहां पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। वहां की व्यवस्था को ठीक कराया जाएगा। नवरात्र तक सभी सड़कें दुरुस्त करा दी जाएंगी। -मोइनुददीन, मुख्य अभियंता नगर निगम