Murder in Varanasi: रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी की गला दबाकर हत्या, लूट की नियत से वारदात को दिया गया अंजाम
वाराणसी के रामनगर स्थित शिव विहार कॉलोनी में रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी अक्षयवर वर्मा का दोनों हाथ और पैर बांधने के बाद बदमाशों ने गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी।
विस्तार
वाराणसी के रामनगर स्थित भीटी में शुक्रवार को रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी अक्षयवर वर्मा (67) का दोनों हाथ और पैर बांधने के बाद बदमाशों ने गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। उनके सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। तीन मंजिला मकान के दूसरे तल पर कमरे में आलमारी और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। आशंका है कि लूट की नियत से बदमाशों ने हत्या को अंजाम दिया। समधी अभयनाथ वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मकान को सील कर छानबीन शुरू कर दी है।
सासाराम (बिहार) के शिवसागर थाना अंतर्गत पताडीह निवासी अक्षयवर वर्मा सात साल पहले पूर्व मध्य रेलवे पीडीडीयू नगर के डीआरएम ऑफिस में डिविजनल पर्सनल अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी दो बेटी और एक बेटा दिल्ली में रहते हैं। पत्नी का बीते 25 मार्च को निधन हो चुका है। भीटी में अपने तीन मंजिला मकान में अक्षयवर दूसरे तल पर अकेले रह रहे थे।
नीचे के तल पर दो किरायेदार रहते हैं। शुक्रवार दोपहर उनके परिचित रिटायर्ड एसडीओ पत्नी के साथ उनसे मिलने पहुंचे, तो गेट बंद था और उनका मोबाइल भी नहीं उठ रहा था। लिहाजा वे लौट गए। शाम में दोबारा पहुंचे रिटायर्ड एसडीओ और किरायेदारों ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंचे रामनगर इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय और किरायेदारों ने किसी तरह गेट खोलकर ऊपरी मंजिल पर पहुंचे तो कमरे में अक्षयवर का शव पड़ा था और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। फोरेंसिक टीम और डाग स्वॉयड भी मौके पर पहुंच छानबीन की। साथ ही कमरे को सील कर दिल्ली निवासी उनके बेटे और बेटियों को घटना की सूचना दी।
हत्या में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका
भीटी स्थित शिव विहार कॉलोनी में रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी अक्षयवर वर्मा की हत्या दोपहर 12 से दो बजे के बीच में की गई। किसी करीबी ने हत्या को अंजाम दिया। कालोनी में रहने वालों के अनुसार सुबह 11 बजे तीन से चार लोग अक्षयवर वर्मा के मकान पर पहुंचे। आवाज लगाई तो इसी बीच तीन मंजिला मकान के दूसरी मंजिल की बालकनी से खड़े होकर अक्षयवर शर्मा ने सभी को अंदर आने को कहा। कमरे में घुसे उनके परिचित कब बाहर निकले यह किसी ने नहीं देखा।
वहीं, फोरेंसिक टीम को कमरे से टेबल पर प्लेट में मिठाई, तीन गिलास, पानी की बोतल, नमकीन और शराब की बोतल भी पड़ी हुई मिली। आशंका व्यक्त की गई कि पीने और पिलाने के दौरान हत्या की गई। कमरे में रखे आयरन प्रेस से सिर पर वार करने के बाद गमछे से गला कसा गया था। हाथ और पैर साड़ी व चादर से हल्के तौर पर बंधे हुए थे। कमरे में आलमारी की तिजोरी खुली हुई थी, सूटकेस से निकला सामान बिखरा हुआ था। तफ्तीश में सामने आया कि बदमाशों ने नकदी और कीमती आभूषण लूटने के बाद हत्या की।
खंगाला जा रहा मोबाइल सीडीआर
रामनगर इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय ने बताया कि दोपहर दो बजे अक्षयवर वर्मा के मित्र बिजली विभाग के रिटायर्ड एसडीओ अपनी पत्नी के संग पहुंचे तो गेट नहीं खुला और फोन भी अक्षयवर वर्मा का नहीं उठा। कई बार फोन मिलाने के बाद वह अपने घर पांडेयपुर चले गए। इसके बाद शाम छह बजे दो किरायेदार भी पहुंचे तो गेट नहीं खुला। इसके बाद रिटायर्ड एसडीओ और किरायेदारों ने पुलिस को सूचना दी।
किसी तरह गेट खुला तो ऊपरी मंजिल के कमरे के अंदर बेड पर अक्षयवर वर्मा मृत अवस्था में पड़े हुए थे। फिलहाल कॉलोनी मार्ग पर लगे सीसी कैमरे और रिटायर्ड अधिकारी के मोबाइल सीडीआर को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। बेटे और बेटियों को सूचना देने के साथ ही शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। बेटे और बेटियों के आने पर ही मालूम चल पाएगा कि कितने की लूट हुई है।
15 दिन पहले नई दिल्ली से आए थे बेटे और बेटियां
घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। प्राथमिक जांच में वारदात में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका है। हमारे पास कई क्लू हैं और उन्हीं आधार पर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। - राजेश पांडेय, एडीसीपी, काशी जोन