वाराणसी पहुंचे सांसद मनोज तिवारी: भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, काशी कला कुंभ का करेंगे शुभारंभ
Varanasi News: काशी कला कुंभ को लेकर आयोजकों ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के साथ-साथ दर्शकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इस कार्यक्रम के जरिए काशी की कला परंपरा को नई पहचान देने की पहल की जा रही है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जा रहा है।
विस्तार
Varanasi News: बाबतपुर स्थित राष्ट्रीय कला मंच बीएचयू द्वारा आयोजित काशी कला कुंभ के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मनोज तिवारी जैसे ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और नारेबाजी कर उत्साह प्रकट किया। इस दौरान पूरा माहौल स्वागत गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
स्वागत करने वालों में प्रोटोकॉल प्रभारी एवं भाजपा किसान मोर्चा काशी प्रांत के क्षेत्र उपाध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, भाजपा नेता चंद्र कुमार मिश्रा (गुड्डू महाराज), प्रभुनाथ राय, शुभम मिश्रा तथा प्रमुख समाजसेवी शूड्डू महाराज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।
जानकारी के अनुसार, मनोज तिवारी काशी कला कुंभ के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिसमें संगीत, नृत्य, चित्रकला और अन्य सांस्कृतिक विधाओं का प्रदर्शन शामिल रहेगा।
सूत्रों के मुताबिक, मनोज तिवारी उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे और कलाकारों का उत्साहवर्धन करेंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।