उद्योगपतियों से पीएम मोदी ने ली है घूस : केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी के फैसले के खिलाफ आज पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला बोला । उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी बेईमान हैं और देश के दो प्रमुख्ा उद्योगपतियों ने उन्हें घूस दी है।
शहर के बेनियाबाग मैदान आयोजित जनसभा में केजरीवाल कहा कि बिड़ला के यहां 2013 में इनकम टैक्स का छापा पड़ा। उनके कंप्यूटर में लिखा था, गुजरात के सीएम को 25 करोड़ देने हैं। 12 करोड़ दे दिए हैं । दो साल हो गए उसके बाद मोदी ने जांच दबा दी। उन्होंने सवाल किया कि अगर मोदी सही हैं तो क्यों जांच दबा दी।
केजरीवाल ने कहा कि 22 नवंबर 2014 को आयकर की सहारा पर रेड हुई । एक कमरे में 130 करोड़ रुपया मिला। उसी कमरे में एक कागज मिला जिसमें लिखा था कि सहारा ने मोदी जी को 40 करोड़ 10 लाख रुपये दिया।
इस घटना के दो साल हो गए और मोदी जी ने जांच रोक दी। कहा कि प्रधानमंत्री के दिल में अगर काला नहीं था तो वे जांच जरुर करवाते।
केजरीवाल ने कहा कि यह कालाधन बंद करने की स्कीम नहीं बल्कि आठ लाख करोड़ का घोटाला है। सबसे बुरा मुझे यह लगा कि उन्होंने अपनी मां को लाइन में लगा दिया। मैं ऐसा नहीं करुंगा।
देश के अंदर 84 से ज्यादा लोगों की मौत
उन्होंने कहा कि बैंको ने अरबपतियों को लोन दे रखे हैं। सीएजी , आरबीआई की रिपोर्ट में है कि आठ लाख करोड़ अरबपति डकार गए।
मोदी ने आठ लाख करोड़ में से एक लाख 14 हजार करोड़ माफ कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि वे देश बचाने आए हैं, राजनीति करने नहीं।
दिल्ली के सीएम ने कहा कि पीएम मोदी गरीब और फकीर की बकवास करते हैं। वे सिर्फ अमीरों के दोस्त हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि बैंकों ने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं तब मोदी और अमित शाह ने यह नोटबंदी की स्कीम बनाई ।
उन्होंने अाराोप लगाया कि पहले अमित शाह ने अपना काला धन जमा किया फिर बीजेपी ने जमीन खरीदी। इसके बाद अपने उद्योगपति मित्रों को यह बात बताई।
केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने नोटबंदी की घोषणा कर देश में अफरातफरी पैदा की है। देश के अंदर 84 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री जी कब जागेंगे। ये मौत नहीं कत्ल है। इन मौतों का जिम्मेदार कौन है।
उन्होंने कहा कि मैंने पीएम मोदी के हरेक अच्छे काम का समर्थन किया है। चाहे वह स्वच्छता मिशन हो , योग हो या सर्जिकल स्ट्राइक। मोदी ने नोटबंदी स्कीम अपने अमीर दोस्तों के लिए बनाया है। सारे देश को लाइन में लगाकर बेड़ा गर्क कर दिया है।
काले कुत्ते को वोट देना भाजपा को नहीं
केजरीवाल ने कहा कि मोदी को चाहिये था कि सबसे पहले राजनेताओं को पकड़ते । उनके पास सबसे ज्यादा कालाधन है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के एक पास एक फाइल है जिसमें 648 लोगों का नाम है। इन लोगों के पास काला धन है। यह फाइल मैंने देखी है। हमने दिल्ली में 49 दिन में भ्रष्टाचार खत्म किया है।
केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में काले कुत्ते को वोट दे देना लेकिन भाजपा को नहीं।
शादी के मुद्दे पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता शादियों पर करोड़ों खर्च करें और हमसे ढाई लाख खर्चने की बात कह रहे।
कहा बीजेपी न तो हिंदुओं की पार्टी है और न मुस्लिमों की यह सत्ता और पैसे के लालची लोगों की पार्टी है।
उन्होंने अंत में आह्वान किया कि घर-घर में जाकर बताना है कि मोदी जी रिश्वत लेते हैं। सभा को प्रदेश प्रभारी संजय सिंह, पूर्वांचल संयोजक, संजीव सिंह, रामानंद राय, मुकेश सिंह आदि ने संबोधित किया।
कुहरे के कारण देरी से पहुंचे केजरीवाल
बाबतपुर एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण केजरीवाल के बनारस पहुंचने में देरी हो गई है। उन्हें साढ़े 12 बजे पहुंचना था लेकिन उनकी फ्लाइट करीब सवा दो बजे पहुंची। एयरपोर्ट पर डीएम और एसएसपी ने केजरीवाल का स्वागत किया।
कड़ाके की ठंड होने के बावजूद बेनियाबाग मैदान में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे हैं। ये कार्यकर्ता जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली समेत पूरे पूर्वांचल से आए हैं। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में आम आदमी पार्टी ने नोटबंदी के खिलाफ पोस्टर लगाए हैं।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद अरविंद केजरीवाल पहली बार बनारस में किसी जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। बेनियाबाग वही मैदान है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसभा करने की अनुमति नहीं दी गई थी।
जनसभा के लिए 24 मीटर लंबा और 48 मीटर चौड़ा मंच तैयार किया गया था। सुबह से ही बनियाबाग के मैदान में कार्यकताओं का हुजूम नजर आया।