एमएलसी चुनाव: नामांकन में उमड़ी भीड़, सड़कों पर उतरे 100 वाहन; कचहरी और रथयात्रा पर जाम में रेंगते रहे वाहन
वाराणसी में कचहरी और रथयात्रा पर गड्ढे के चलते ट्रैफिक जाम लगा रहा। इस दौरान 10 मिनट की दूरी 45 मिनट में पूरी हुई। वहीं मंडुवाडीह-महमूरगंज फ्लाईओवर पर वाहन रेंगते रहे।
विस्तार
स्नातक और शिक्षक एमएलसी के नामांकन में सोमवार दोपहर प्रत्याशियों की 1000 कारों, दोपहिया वाहनों के चलते कचहरी, फुलवरिया हॉकी चौराहा समेत जेपी मेहता रोड, वरुणा पुल दिन भर चोक रहा। मिंट हाउस नदेसर तक वाहनों के दबाव से जाम रहा।
कैंट और यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाला, लेकिन राहगीरों को परेशान होना पड़ा। उधर, रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर गड्ढा होने के चलते महमूरगंज आकाशवाणी, महमूरगंज-ककरमत्ता मार्ग दोपहर से लेकर देर शाम तक जाम की चपेट में रहा।
मंडुवाडीह-महमूरगंज फ्लाईओवर पर वाहन रेंगते रहे। हर ओर जाम से लोग हांफ गए। 10 मिनट की दूरी तय करने में 35-40 मिनट लगे। दोपहर में निजी स्कूली बसों की आवाजाही ने जाम को और बढ़ाया। स्कूलों की छुट्टी ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाई।
शहर में पितृ विसर्जन और पर्यटकों की भीड़ से बाहरी वाहनों का दबाव अधिक है। गया से भी श्रद्धालुओं का पलट प्रवाह है। ऐसे में एमएलसी नामांकन में प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़, वाहनों के काफिले के चलते सुबह से ही शहर की सड़कें चोक होना शुरू हुईं।
मंडुवाडीह, फुलवरिया फोरलेन, हॉकी चौराहा, सनबीम वरुणा मार्ग समेत जेपी मेहता रोड और कचहरी के सभी मार्गों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहन ही दिखाई दिए। हाल यह हुआ कि फुलवरिया फोरलेन मार्ग पर हॉकी चौराहा पूरा चोक हो गया। दोपहर 12 बजे के बाद से इस तरफ वाहन सिर्फ रेंगते ही रहे।
जाम से बचने के लिए वाहन सवार छावनी क्षेत्र की तरफ बढ़े तो इधर भी जाम लग गया। काशी जोन में शाम के समय वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते जाम के कारण राहगीरों को परेशानियां उठानी पड़ीं। यातायात पुलिस के कंट्रोल रूम का नंबर शाम से लेकर देर शाम तक घनघनाते रहे। पुलिस थानों की फोर्स भी सड़क पर उतरी।
रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर मल्लिकार्जुन मंदिर के पास बिना अनुमति के गड्ढा खोद दिया गया। इससे पूरे दिन यह मार्ग जाम की चपेट में रहा। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने रथयात्रा चौराहे से जाम को नियंत्रित कराया। ठेकेदार को पुलिस ने हिरासत में लिया। निजी अस्पताल, होटल के सामने सड़क किनारे अवैध पार्किंग ने जाम को और बढ़ाया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गड्ढा की खोदाई करने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।
कैंट-लहरतारा मार्ग चौड़ीकरण और नाली निर्माण के चलते आए दिन जाम लग रहा है। दोपहर से देर शाम तक भीषण जाम रहा कि लोगों को 40 से 45 मिनट का समय निकलने में लग गया। दुर्गा पूजा पंडाल और सड़क पर मलबा के चलते वाहनों की रफ्तार थम जा रही है। हाल यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले 40 से 45 मिनट अतिरिक्त समय लेकर निकल रहे हैं।
क्या बोले अधिकारी
नामांकन के साथ ही पितृ विसर्जन के पलट प्रवाह की भीड़ से अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया। उधर, रथयात्रा क्षेत्र में खोदाई ने भी जाम को बढ़ाया। थानों और यातायात पुलिस की अतिरिक्त फोर्स लगाकर जाम को छुड़ाया गया। -अंशुमान मिश्रा, एडीसीपी यातायात