मिशन 2022: वाराणसी पहुंची जनविश्वास यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह किया स्वागत
जनविश्वास यात्रा के रथ पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल नंदी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कौशलेंद्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या समेत कई नेता सवार हैं।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्रा बुधवार को वाराणसी जिले में प्रवेश कर गई है। सेवापुरी के कपसेठी के रास्ते जन विश्वास यात्रा वाराणसी शहर की ओर आ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। जनविश्वास यात्रा के रथ पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल नंदी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कौशलेंद्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या समेत कई नेता सवार हैं।
भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता यात्रा के आगे-आगे चल रहे हैं। स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। केसरिया परिधान में महिलाएं पुष्प वर्षा करते हुए आरती उतारेंगी। शहर में यात्रा भिखारीपुर के रास्ते महानगर में प्रवेश करेगी।
भिखारीपुर से होते हुए यह यात्रा सुंदरपुर, नरिया, होते हुए मालवीय चौराहा लंका पहुंचेगी, जहां महामना पं मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा उसके पश्चात यह यात्रा संत रविदास गेट, अस्सी चौराहा, बंगाली टोला इंटर कॉलेज, जंगमबाडी होते हुए वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा के गोदौलिया जाएगी।
यहां से काशी विश्वनाथ धाम, चौक थाना, नीचीबाग महानगर कार्यालय होते हुए मैदागिन होते हुए लहुराबीर जाएगी। भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि जनविश्वास यात्रा गुरुवार को वाराणसी जिले की शिवपुर विधानसभा के रिंगरोड कार्यालय से सुबह 10 बजे शुरु होगी और पिंडरा के रास्ते जौनपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। यातायात पुलिस को अलर्ट रहने के साथ ही आमजन से इन मार्गों पर आवश्यक काम होने पर ही निकलने की अपील की गई है।