कैसे होगी पढ़ाई: वाराणसी के आठ विद्यालयों में गणित, सात में विज्ञान और छह में कंप्यूटर के शिक्षक नहीं; परेशानी
Varanasi News: वाराणसी के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। यहां 40 पद खाली है। इस बीच, यूपी बोर्ड ने परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। बच्चों की पूरी तैयारी अभी तक नहीं हो पाई है।
विस्तार
Primary School in Varanasi: जिले के माध्यमिक विद्यालयों में आधे से ज्यादा शैक्षणिक सत्र बीत जाने के बाद भी 13 फीसदी शिक्षकों की कमी है। पूरे जिले में स्वीकृत 292 शिक्षकों के पदों में से 40 पद खाली हैं। अब तक छात्रों को 8 विद्यालयों में गणित, 7 में विज्ञान और 6 में कंप्यूटर समेत 10 से ज्यादा विषयों के शिक्षक नहीं मिल पाए हैं। दो महीने में बच्चों की बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं और कई प्रमुख विषयों के कोर्स अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं।
वाराणसी में कुल 40 राजकीय हाईस्कूल और इंटर विद्यालय हैं। इनमें कुल 292 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। प्रमुख विषयों के शिक्षकों का न होना पढ़ाई को प्रभावित करता है। इससे दूसरे शिक्षकों को अन्य विषयों की कक्षाएं लेनी पड़ती हैं। बोर्ड ने परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। 18 फरवरी से परीक्षा शुरू होने वाली हैं। गणित, विज्ञान, कंप्यूटर जैसे प्रमुख विषयों की परीक्षा भी शुरूआत में ही हैं।
एक शिक्षक के भरोसे 100 से 150 छात्र
शिक्षकों की कमी का असर न सिर्फ छात्रों पर पड़ता है बल्कि उन शिक्षकों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है, जिनकी ड्यूटी अतिरिक्त क्लास के लिए लगाई जाती है। जिससे एक शिक्षक के भरोसे 100 से 150 छात्रों की जिम्मेदारी होती है।
सात राजकीय विद्यालयों में शिक्षक नहीं
जिले के सात राजकीय विद्यालयों में गणित और विज्ञान दोनों प्रमुख विषयों के शिक्षक नहीं हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख विषयों के लिए विद्यालयों को अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था करनी पड़ी है। छात्रों का कोर्स जैसे-तैसे पूरा कराया जा रहा है।
राजकीय विद्यालयों में बीच-बीच में हो रही तैनाती से बहुत हद तक शिक्षकों की कमी पूरी हो गई है। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, उसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है। जल्द ही वहां भी तैनाती होगी। - भोलेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस
इन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी
| विद्यालय का नाम | विषय का नाम |
| प्रभु नारायण राजकीय इंटर काॅलेज रामनगर | कला और कंप्यूटर |
| राजकीय हाईस्कूल भैठौली हरहुआ | संस्कृत और गृह विज्ञान |
| राजकीय हाईस्कूल भिखारीपुर राजातालाब | गणित और विज्ञान |
| राजकीय हाईस्कूल खरगूपुर सेवापुरी | गणित और विज्ञान |
| राजकीय हाईस्कूल भतसार, आराजी लाईन | वाणिज्य |
| राजकीय हाईस्कूल बेसहूपुर, सेवापुरी | गणित, कंप्यूटर और विज्ञान |
| राजकीय हाईस्कूल बेलारी पिंडरा | गृह विज्ञान |
| पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज | जीव और सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर |
| राजकीय हाईस्कूल हसनपुर बड़ागांव | विज्ञान, गणित और कंप्यूटर |
| राजकीय हाईस्कूल महगांव आराजी लाईन | गणित, विज्ञान, संस्कृत और कंप्यूटर |
| राजकीय हाईस्कूल चितईपुर पिंडरा | गणित |
| राजकीय हाईस्कूल लालपुर सेवापुरी | विज्ञान, गणित और चित्रकला |