छठ घाट पर दिखा आस्था का अनोखा रंग: किसी की गोद भरने की आस, किसी ने पत्नी की सलामती की लगाई गुहार
काशी में गंगा घाटों पर आस्था का अनोखा रंग दिखा। किसी ने अपनी संतानों की खुशहाली की तो किसी ने अपनी पत्नी की सलामती की गुहार छठी मईया से लगाई। बिहार से लेकर मुंबई-दिल्ली तक से व्रती काशी में पहुंचे।
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व छठ पर सोमवार की सुबह काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों और तालाबों तक आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई दिया। नमो घाट, खिड़किया घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट समेत 84 घाटों और लगभग एक हजार कुंडों, तालाबों एवं सरोवरों के किनारे लाखों की संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन जुटे। सुबह करीब सात बजे भगवान भास्कर के दर्शन होते ही घाटों पर छठी मैया और सूर्यदेव के जयकारे गूंज उठे।
हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। सूप में दूध और गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
किसी ने संतान की लंबी उम्र और बेहतर भविष्य की कामना की तो कोई संतान प्राप्ति की मन्नत लेकर छठी मैया के दरबार में पहुंचा। इस दौरान आस्था की एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। प्रह्लाद घाट निवासी राजेश गुप्ता अपनी बीमार पत्नी को लेकर छठी मैया का पूजन कराने पहुंचे थे। पत्नी की गंभीर बीमारी के बावजूद छठ पर्व देखने और पूजन करने की इच्छा ने उन्हें घाट तक पहुंचाया।
राजेश गुप्ता ने बताया कि करीब 18 महीने पहले चौकाघाट पर एक टोटो चालक ने उनकी पत्नी को धक्का मार दिया था। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद से उनका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। उन्होंने बताया कि पत्नी हर साल छठी मैया का पूजन करती थीं। हादसे के बाद भी उनकी इच्छा थी कि वह घाट पर पहुंचकर छठ का माहौल देखें और मां का पूजन करें। उनकी इच्छा पूरी करने के लिए वह उन्हें लेकर घाट पहुंचे हैं। राजेश ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि पत्नी जल्द स्वस्थ होंगी। इसी कामना के साथ वह छठी मैया से प्रार्थना करने आए हैं।
छठ पर्व पर काशी में पूर्वांचल के जिलों के साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, भोपाल, चंडीगढ़ और पटना से भी लोग छठ पूजन के लिए वाराणसी आए। घाटों पर उमड़ी भीड़ में अलग-अलग शहरों और राज्यों के लोग एक साथ लोक आस्था के इस महापर्व में शामिल होते नजर आए। गंगा किनारे परिवारों ने एक साथ सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मैया से मंगलकामना की।
छठ पूजन के लिए नमो घाट पहुंचे श्रद्धालुओं को पार्किंग शुल्क को लेकर परेशानी का सामना भी करना पड़ा। जौनपुर निवासी गोपाल ने बताया कि वह ट्रैवलर लेकर परिवार के साथ बनारस आए थे। नमो घाट की पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए एक रात का 200 रुपये शुल्क लिया गया। इसके बाद सुबह पांच बजे के बाद 25 रुपये प्रति घंटे की दर से अतिरिक्त शुल्क वसूला गया। उनका कहना था कि पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण पार्किंग शुल्क को लेकर स्पष्ट व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
काशी में छठ का यह नजारा आस्था, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों की गहराई को भी बयां कर रहा था। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लाखों लोगों की आंखों में अपने परिवार के बेहतर स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की उम्मीद झलक रही थी।
