मंदिर में शादी की बाद में दिया धोखा: बच्चा पैदा हुआ तो घर ले गया, पीटकर निकाला; बोला- तुम दूसरे समुदाय की हो
इस मामले में लोहता थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि युवक ने 26 नवंबर 2022 को उसके साथ मंदिर में शादी की थी। इधर-उधर रखकर शारीरिक संबंध बनाया। बच्चा पैदा हो गया तो घर ले जाकर मारपीट की फिर बाहर निकाल दिया।
विस्तार
Varanasi Crime: लोहता थाने में एक युवती ने धोखा देकर मंदिर में शादी करने और बच्चा पैदा होने पर घर से निकाल देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों में शादी करने वाला युवक और उसके मां-बाप सहित सात आरोपी शामिल है।
लालपुर थाना क्षेत्र के खजुरी की रहने वाली युवती ने लोहता थाने में तहरीर दी। उसने बताया कि पढ़ाई के दौरान बिंदा बिहार कॉलोनी के पीछे, भिटारी में रहने वाले शिवम गुप्ता से उसकी जान-पहचान हुई। शिवम उसे दशाश्वमेध स्थित एक मंदिर में बुलाकर 26 नवंबर 2022 को उसके साथ विवाह किया।
इसके बाद शिवम उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित करने लगा। वह गर्भवती हो गई तो शिवम गर्भपात के लिए दबाव बनाने लगा। वह नहीं मानी और उसे अपने घर ले चलने के लिए बोली तो शिवम उसे अपने दोस्त विजय के घर ले गया। फिर, सुंदरपुर में किराए पर कमरा लेकर उसके साथ रहने लगा।
पीड़िता पहुंची थाने
19 दिसंबर 2023 को वह एक बच्चे को जन्म दी। वह ससुराल जाने की जिद करने लगी तो शिवम के पिता रामानंद गुप्ता, मां रीता गुप्ता, बहन प्रीति व बहनोई जितेंद्र गुप्ता और बहन प्रतिमा गुप्ता व बहनोई भोला गुप्ता अस्पताल आए। सभी ने उससे कहा कि तुम दूसरे समुदाय की हो, इसलिए तुम्हे नहीं अपना पाएंगे।
अपना बच्चा हमें दे दो। उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो सभी उसे अपने घर ले गए और फिर प्रताड़ित करने लगे। अगस्त 2024 में सभी ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस संबंध में लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।