काशी में खिलाड़ियों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के लिए खेल चौराहों पर संगमरमर से कई खेलों का प्रतीक तैयार किए जाएंगे। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की सफलता की कहानी का भी जिक्र होगा, जो नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा देंगे। पहले चरण में पुलिस लाइन और रिंग रोड चौराहे को खेल चौराहे के तौर विकसित करने की योजना है।
हालही राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने जिले के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी, इसमें खेल चौराहे के निर्माण की घोषणा की थी। इसी क्रम अब शहर के प्रमुख चौराहों पर हॉकी, फुटबाल, बास्केटबाल, कुश्ती, एथलेटिक्स सहित कई खेलों के प्रतीक चिह्न और उस खेल से जुड़े अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का जिक्र भी होगा। राज्य मंत्री ने बताया कि जिले में ओलंपियन मोहम्मद शाहिद, विवेक सिंह, अनंत राम भार्गव, लक्ष्मीकांत पांडेय, राहुल सिंह, ललित उपाध्याय, प्रशांति सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने जिन खेलों की बदौलत विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। उन खेलों और खिलाड़ियों के बारे में जिले में प्रवेश करने वाले प्रमुख चौराहों पर दर्शाया जाएगा। बैठक में शामिल एक वरिष्ठ खिलाड़ी ने बताया कि पहले चरण में पुलिस लाइन और एयरपोर्ट से आने वाले बाईपास चौराहे को खेल चौराहे के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए अधिकारियों और खिलाड़ियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किया गया है। बजट की मंजूरी के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है।