मणिकर्णिका घाट: शवदाह गृह का निर्माण कार्य दूसरी कार्यदायी एजेंसी पूरा करेगी, जानें वजह; टर्मिनेशन फाइनल
काशी के मणिकर्णिका घाट को भव्य बनाया जाएगा। इसके निर्माण का काम दूसरी एजेंसी को साैंप दिया गया है। पहली कंपनी ने काम करने से मना कर दिया है। इसका टर्मिनेशन फाइनल हो गया है।
विस्तार
Manikarnika Ghat Varanasi: मणिकर्णिका घाट के शवदाह गृह का निर्माण कार्य अगले साल तक पूरा होगा। रूपा फाउंडेशन के सीएसआर फंड 18 करोड़ से यहां का कायाकल्प कराया जा रहा है। अब यहां निर्माण कार्य दूसरी कार्यदायी एजेंसी करेगी।
मौजूदा कार्यदायी एजेंसी ब्रिजटेक के एक अधिकारी ने बताया कि एक बैठक में तय हुआ है कि अब हम लोग काम नहीं करेंगे, टर्मिनेशन फाइनल हो गया है। यहां का काम अब दूसरी कंपनी करेगी। बता दें कि 18 करोड़ की लागत से इसका निर्माण कार्य नवंबर 2024 में शुरू हुआ था।
बारिश, बाढ़ के कारण काम प्रभावित हुआ। शुरुआती चरणों में मलबा हटाने का काम हुआ था लेकिन उठान की समस्या ने गति रोक दी थी। बाद में गंगा पार बोट से मलबा ले जाकर उठान संभव हुआ। इसके बाद पाइलिंग शुरू हुई तो घाट की मिट्टी ने चुनौती पेश की।
नहीं होगी धन की कमी
मिट्टी की दोबारा जांच के बाद तय किया गया कि अब पाइलिंग नहीं होगी। यहां राफ्ट पाइलिंग होगी। बाढ़ के बाद शुरू होने की बात कहकर टाल दी गई। घाट से पानी उतरने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन वह भी अधूरी रह गई। फाउंडेशन के एक अधिकारी के अनुसार इस काम को पूरा कराने में धन की बाधा नहीं आएगी।
सरकार का एक रुपया लगाए बगैर सीएसआर फंड से हो रहा काम : दो दिन पूर्व निरीक्षण करने गए मंंडलायुक्त एस राजलिंगम ने कहा कि सरकार का एक रुपया नहीं लग रहा है। यह काम रूपा फाउंडेशन के सीएसआर फंड से हो रहा है। इस बार गंगा के जलस्तर में काफी उतार चढ़ाव रहा। अब भी पानी काफी ऊपर है। जुलाई तक काम पूरा कराना है।