यूपी: दोस्त को गोली मारकर खुद को बचाने की साजिश, दर्ज कराया झूठा मामला; रिवाल्वर-कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
दोस्त को गोली मारने के बाद खुद को बचाने के लिए झूठा मामला दर्ज कराने वाले आरोपी को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल .32 बोर की रिवाल्वर, कारतूस और खोखा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना की सच्चाई छिपाकर खुद को बचाने की साजिश रची थी।
विस्तार
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में दोस्त को गोली मारने के मामले में पुलिस ने हिमांशु सिंह (34) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि हिमांशु ने ही अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी, वहीं गोली आदर्श गुप्ता को लगी। उसने खुद को बचाने के लिए दूसरे पक्ष के खिलाफ जानलेवा हमले और फायरिंग का झूठा मामला दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक, सात नवंबर को हिमांशु सिंह ने लालपुर पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की। इसमें उसका दोस्त आदर्श गुप्ता गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने की कार्रवाई
विवेचना और पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु की अपने दोस्त आदर्श गुप्ता से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान आवेश में आकर उसने अपनी रिवाल्वर से गोली चला दी। आदर्श के घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया और खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी।
पुलिस ने रविवार सुबह करीब 7:05 बजे लालपुर चौकी क्षेत्र से हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर की एक रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मूल रूप से आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र के नवरसिया लालगंज का निवासी है। वर्तमान में मढ़वा लमही में रहता है। उसके खिलाफ लालपुर पांडेयपुर और शिवपुर थानों में पहले से भी दो प्राथमिकी दर्ज हैं।