रील बनाई तो नौकरी जाएगी: सोशल मीडिया पर फोटो अपडेट करना पड़ सकता है महंगा, पुलिसकर्मियों की निगरानी; चेतावनी
Varanasi News: वाराणसी में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो या रील पोस्ट करने वाले कर्मचारियों पर अब सख्ती की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य के समय रीलबाजी या अनावश्यक सोशल मीडिया अपडेट करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आदेश के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
विस्तार
Varanasi News: वर्दी और ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर फोटो अपडेट और रीलबाजी का शौक पुलिसकर्मियों को भारी पड़ने वाला है। निलंबन और सख्त विभागीय कार्रवाई भी होगी। कमिश्नरेट में ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान कराई जा रही है।
महिला आरक्षी, दरोगा और इंस्पेक्टर रैंक तक की निगरानी शुरू हो चुकी है। नए रंगरूटों को विशेष तौर पर सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने को कहा गया है। पिछले दिनों क्राइम मीटिंग में भी सोशल मीडिया की नई नीति से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया जा चुका है।
काशी और वरुणा जोन में तैनात कई महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में रील वायरल होती रही है। ड्यूटी पर तैनात 2019 और 2023 बैच के दरोगाओं का सिंघम बनने की रील भी वायरल है। रील बाजी अधिकतर गंगा घाटों पर होती है। कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल की टीम ने निगरानी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान कर अंतिम रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। फेसबुक, इंस्टाग्राम पर रील, आपत्तिजनक कंटेट, विवादित पोस्ट की निगरानी की जा रही है।
यूपी मुख्यालय की ओर से सख्त आदेश है कि सोशल मीडिया पर कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान कोई भी पोस्ट नहीं साझा करेगा। कोई भी थानों या चौकियों में आकर, पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो, रील्स नहीं बनाएगा। हथियारों के साथ फोटो भी नहीं लेगा।
आईपीएस और पीपीएस को देख सोशल मीडिया पर एक्टिव हुए मातहत
यूपी पुलिस में कई ऐसे आईपीएस और पीपीएस अफसर है, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हैं। मिलियन में फॉलोवर हैं। कुछ ऐसे हैं, जिनकी सोशल मीडिया के जरिये आय भी हो रही है। वाराणसी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में भी वह अफसर रह चुके हैं।
वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाले पुलिस कर्मियों की पहचान कराई जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही तय है। सभी को निर्देशित किया जा चुका है वर्दी या ड्यूटी के दौरान फोटो, रील्स आदि पोस्ट नहीं करें। - शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, मुख्यालय