फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   major news of varanasi Accusation of kidnapping of daughter FIR 5 lakhs defrauded posing bank manager

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : बेटी के अपहरण का आरोप, FIR, बैंक मैनेजर बता 5.24 लाख की चपत लगाई

Wed, 20 Nov 2024 06:24 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 20 Nov 2024 06:24 PM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी के सारनाथ थाने में तहरीर देकर एक पिता ने बेटी के अपहरण का केस दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, रामनगर निवासी एक व्यक्ति के साथ साइबर अपराध का मामला सामने आया है। शातिर ने व्यक्ति से 5.24 लाख की चपत लगा दी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
major news of varanasi Accusation of kidnapping of daughter FIR 5 lakhs defrauded posing bank manager
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अशोक विहार फेज-2, पहड़िया में रहने वाली एक महिला की तहरीर पर उसकी 22 वर्षीय बेटी के अपहरण के आरोप में सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के अनुसार उनके मकान के पीछे कुछ मजदूर रहते हैं। उन्हीं में से एक हीरू शेख उनकी बेटी का अपहरण किया है और उनके घर से जरूरी कागजात भी समेट ले गया है। 

विज्ञापन


ओटीपी पूछ कर खाते से उड़ाए 20 हजार रुपये
सारनाथ इंक्लेव काॅलोनी निवासी एक युवक से साइबर अपराधियों ने ओटीपी पूछकर खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिया। भुक्तभोगी की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सारनाथ इंक्लेव काॅलोनी निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसका मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि मैं बैंक से बोल रहा हूं। अपना ओटीपी नंबर बता दें। 
विज्ञापन


धोखाधड़ी और धमकाने का आरोपी गिरफ्तार
नवापुरा, कोतवाली निवासी बाबूलाल को धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में भेलूपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बाबूलाल के खिलाफ गत पांच सितंबर को कश्मीरीगंज, खोजवा निवासी 75 वर्षीय जयप्रकाश मिश्रा ने मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि बाबूलाल ने जयप्रकाश मिश्रा के मकान का फर्जी आबादी प्रमाण पत्र बनवाया।  

विज्ञापन
विज्ञापन

गाजीपुर से बाइक चुरा कर लाया था कबाड़ मंडी में बेचने
चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित कबाड़ मंडी के पास से चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान शीतला माई मंदिर, रसूलगढ़ निवासी विपिन उर्फ भुल्लन के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में विपिन ने बताया कि वह गाजीपुर से बाइक चुरा कर कबाड़ मंडी में बेचने के लिए लाया था।

खुद को बैंक मैनेजर बता 5.24 लाख की चपत लगाई
रामबिहार काॅलोनी, रामनगर निवासी सत्येंद्र सिंह को कॉल कर साइबर जालसाज ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए पांच लाख 24 हजार रुपये की चपत लगा दी। घटना के संबंध में साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि गत 13 नवंबर को उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मैनेजर आकाश बताया। 

मकान मालिक की जेब से चुराए 2500 रुपये, गिरफ्तार
लोन की किश्त भरने के लिए नौकरानी ने मकान मालिक की जेब से 2500 रुपये चुरा लिए। शिकायत के आधार पर कैंट थाने की पुलिस ने सिकरौल इलाके की सलमा को गिरफ्तार किया है। सिकरौल की रहने वाली गीता देवी ने पुलिस को बताया कि सलमा उनके घर में तीन वर्ष से झाड़ू-पोछा का काम करती थी। 

जीआरपी ने कब्जे में ली लावारिस बाइक
रोहनिया के हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के समीप दो दिनों से खड़ी लावारिस बाइक को जीआरपी ने कब्जे में ले लिया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार शुक्ला ने बताया कि लावारिस बाइक के दो दिनों से स्टेशन पर खड़ी थी। 

जमीन विवाद को लेकर प्रधान सहित दो पक्षों में मारपीट 
बड़ागांव के अनौरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। बड़ागांव थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर को लेकर मुकदमा दर्ज किया है। प्रथम पक्ष के अनौरा गांव निवासी पूर्णमासी ने आरोप लगाया कि उसके गांव के प्रधान व पट्टीदार दीपक चौहान, राजकुमार चौहान, हरी चौहान उसकी जमीन में मेड़ बांध रहे थे। जब उसने विरोध किया तो तीनों ने अपने समर्थकों के साथ हमला कर दिया। 

पार्टनरों के विवाद में बंद हुआ जिम, लोग पहुंचे थाने
राय साहब का बगीचा, पांडेयपुर स्थित एक जिम पार्टनरों के आपसी विवाद में बंद हो गया। इसे लेकर जिम की सदस्यता लिए हुए 11 लोग बीती रात लालपुर पांडेयपुर थाने पहुंचे। सभी का कहना था कि हम लोग एडवांस पैसा देकर जिम की साल भर की सदस्यता लिए हुए हैं। ऐसे ही सौ से ज्यादा लोग हैं। सभी का पैसा वापस कराया जाए। 

शराब पीकर भाग रहे तीन युवकों को पीछा कर पकड़ा
शराब पीकर तेज रफ्तार में लहराते हुए बाइक चला रहे तीन युवकों को बीती रात पुलिस ने कचहरी स्थित गोलघर चौराहा पर रुकवाया तो वे भागने लगे। इस पर एडीसीपी वरुणा जोन ने तीनों का पीछा कर पांडेयपुर फ्लाईओवर पर पुलिस से घेराबंदी करा कर उन्हें रुकवाया। नशे में धुत तीनों युवकों को लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को सौंपा गया है।

एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी मंगलवार की रात कचहरी क्षेत्र में मौजूद थे। उन्होंने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार में लहराते हुए देख कर पुलिस कर्मियों को उन्हें रुकवाने को कहा। इस पर तीनों ने अपनी बाइक की रफ्तार तेज कर दी और पुलिस लाइन की ओर भागे। इस पर एडीसीपी वरुणा जोन ने तीनों का पीछा कर पांडेयपुर फ्लाईओवर पर तीनों को पकड़ लिया। 

अफसरों को दी जीआईएस तकनीक की जानकारी
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेंटर की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। परियोजना वैज्ञानिक डाॅ. जय कुमार मिश्रा ने एनआरआईएस परियोजना में रिमोट सेन्सिंग और जीआईएस तकनीक का उपयोग करके जनपदवार तैयार किए गए डिजिटल डाटाबेस का प्रस्तुतीकरण किया। बताया कि इस तकनीक का उपयोग कृषि, राजस्व, भू-संचय, जल-संचय, प्राकृतिक आपदा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, जल निगम, सड़क आदि में किया जाता है। 

पीसीएमएम ने कैंट स्टेशन की देखी व्यवस्था
उत्तर रेल के प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक (पीसीएमएम) एसके जैन ने मंगलवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म संख्या चार और पांच पर हुए विकास कार्यों को देखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बुधवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आएंगे। पीसीएमएम एसके जैन ने स्टेशन परिसर में साइनेज आदि को भी बढ़ाने का निर्देश दिया। 

रोहनिया में अतिक्रमण हटाया 
रोहनिया के मोहनसराय से लहरतारा छह लेन सड़क चौड़ीकरण का काम हो रहा है। मंगलवार को रोहनिया बाजार में बुलडोजर चलाकर आधा दर्जन निर्माण तोड़े गए। कार्यदाई संस्था ने रोहनिया थाने के सामने से गंगापुर जाने वाले मोड़ तक हुए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान सब्जी मंडी के पास लगने वाले अस्थाई निर्माण को भी हटाया गया। यहां छोटी-बड़ी करीब पचास दुकानें हटाई गईं। 

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से पियरी स्थित महानगर अध्यक्ष के आवास पर पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की जयंती महिला सशक्तीकरण के रूप में मनाई गई। मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन दुर्गाप्रसाद गुप्त ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, राजा महाराजाओं के प्रिवीपर्स समाप्त कराया। 1971 में पाकिस्तान को दो टुकड़ों में विभाजित कराकर बांग्लादेश के उदय में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान जिलाध्यक्ष, मनोज वर्मा, मंगलेश सिंह, आनंद पाल, राजू शर्मा, राकेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे। उधर बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को नमन किया गया। 

संभव की जनसुनवाई में आईं 14 शिकायतें
नगर निगम में हुई संभव की जनसुनवाई में 14 शिकायतें आईं। इसमें पांच लोगों ने सड़क निर्माण से जुड़ी समस्या बताई। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया। जनसुनवाई में शिवदासपुर के रविंद्र कुमार सोनकर, बुद्ध नगर काॅलोनी के सतीश कुमार, कबीरनगर के मोहम्मद रुस्तम, फरीदपुर के रामप्रसाद यादव, पहलु का पुरा के गुलजार यादव ने सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायत की। परशुराम के वीरेंद्र श्रीवास्तव ने सफाई कर्मचारी नियुक्त करने, खजुरी नई बस्ती की कलावती देवी ने गलत तरीके से नामांतरण का आरोप लगाया। 

मंडलायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालेंगे शिक्षक
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर मंगलवार को चौथे दिन भी धरना जारी रहा। मंडलीय संघर्ष समिति ने निर्णय लिया गया कि बुधवार को सभी आंदोलनकारी शिक्षक वाराणसी के मंडलायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालेंगे। शिक्षकों ने चार दिनों से जेडी कार्यालय पर ताला बंद किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि पहले तो सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या कर अधिकारियों ने शासन को गुमराह किया। 

पालने में विराजे भगवान श्रीकृष्ण केसरयुक्त व्यंजनों का लगा भोग
भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित मार्गशीर्ष मास में वैष्णव मंदिरों में विशेष शृंगार व दर्शन-पूजन हुआ। मंगलवार को प्रभु पालने में विराजे तो भक्तों ने उन्हें कस्तूरी और केसरयुक्त व्यंजनों का भोग लगाया। प्रभु के मनोहारी छवि के दर्शन कर भक्त निहाल हुए। बेटी जी मंदिर के अशोक वल्लभदास अग्रवाल ने बताया कि पूरा मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण का होता है। इसी माह में उन्होंने गीता का उपदेश दिया था। गोपाल मंदिर व बेटी जी मंदिर में मुकुंदराय, गोपाललाल, गोपीनाथ, ठाकुर जी पालने में विराजकर दर्शन देते हैं। उनको ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े धारण कराए जाते हैं। 

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने किए बाबा के दर्शन
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद डॉ. संबित पात्रा ने बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ व काल भैरव के दर्शन किए। वह दोपहर तीन बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां एमएलसी धर्मेंद्र राय ने उनका स्वागत किया। यहां से वह सीधे मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, संदीप सिंह मिंटू मौजूद रहे। 

महामना की पुण्यतिथि पर हुआ रक्तदान
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की 78वीं पुण्यतिथि पर मालवीय भवन में शांति पाठ, गीता पाठ हुआ। इसमें सभी संस्थानों के निदेशक, डीन, अधिकारियों के साथ छात्र-छात्राओं ने महामना को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुण्यतिथि पर ही कला संकाय में स्टूडेंट वेल बीइंग इनिशिएटिव और कल्कि फाउंडेशन की ओर से सर सुंदरलाल अस्पताल के डॉक्टरों की मौजूदगी में कला संकाय में ब्लड डोनेशन कैंप लगा। इसमें 42 लोगों ने ब्लड डोनेट किया। उन्हें सर्टिफिकेट और उपहार दिया गया। 

वरुणा किनारे सजा प्याला का मेला कुलदेवी की आराधना की
काशी की परंपरा में शुमार वरुणा प्याला मेला चौकाघाट वरुणा नदी के तट पर लगा। मेले में लोगों ने अपनी कुलदेवी की पूजा की। मेले में वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अम्बरीष सिंह भोला भी पहुंचे। जिला धोबी घाट बचाओ समिति के संयोजन में अगहन मास के पहले वरुणा प्याला मेला लगता है।

मेले में सुबह धोबी, कसेरा, गुप्ता, जायसवाल आदि समाज के लोगों ने देवी कालका सायजा का पूजन किया। विविध पकवानों के साथ मदिरा से प्याला को भरा। लोगों ने मन्नतें मांगीं तो कुछ ने पूजन कर मन्नतें उतारीं। संयोजन रजनीश कनौजिया का रहा। अध्यक्षता नंदू कनौजिया ने की। इस मौके पर राजकुमार राजू कनौजिया, रमेश चौधरी, राजेश कनौजिया, राजू कनौजिया, विनोद, प्रदीप, दीपक आदि रहे। 

कविता पाठ में श्रुति, फैंसी ड्रेस में सुहानी अव्वल
पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय बालिका महाविद्यालय में रानीलक्ष्मी बाई जयंती पर कविता पाठ प्रतियोगिता हुई। मुख्य अतिथि वाराणसी की जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य रही। प्रतियोगिता में श्रुति तिवारी ने प्रथम, खुशी गौड़ ने द्वितीय और पूजा गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लक्ष्मी बाई परिधान प्रतियोगिता में सुहानी सिंह, रुचि और प्रीति पटेल क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। प्रो. अर्चना गुप्ता, डॉ. सर्वेश सिंह, डॉ. घनश्याम, डॉ. सौरभ सिंह एवं डॉ. सुष्मिता उपस्थित रही। 

हनुमान मंदिर में रामचरितमानस का हुआ पाठ
प्राचीन शुक्लहिया हनुमान मंदिर व शिव मंदिर में सोमवार को रामचरित मानस पाठ व रुद्राभिषेक किया गया। मंगलवार को भंडारे का आयोजन किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने भी दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर हाईमास्ट लगाने की घोषणा भी की। इस मौके पर प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, गौरीशंकर यादव, विनोद चतुर्वेदी व राजू सेठ आदि रहे। 

भगवत गीता से मार्गदर्शन लें पीएचडी स्कॉलर्स
बीएचयू के कॉमर्स फैकल्टी के डीन प्रो. एचके सिंह ने कहा कि पीएचडी का फुल फॉर्म पेशेंस, हार्ड वर्क और डेडिकेशन है। विज्ञान संस्थान स्थित सेमिनार कॉम्प्लेक्स में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समृद्ध भारतीय इतिहास, भारत के निर्माण में सरकार की भूमिका, अवसरों और खतरों से आगाह किया। ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट के प्रो. टीवी राव ने कहा कि एआई कभी इंसानों की जगह नहीं ले सकता। उन्होंने पवित्र ‘भगवत गीता’ से मार्गदर्शन लेने की नसीहत दी। कटक विवि के पूर्व कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. सागी मैथ्यू, प्रो. अमलान भूषण, प्रो. आलमगीर आदि रहे। 

दो क्विंटल फूलों से राणीसती दादी के साथ खेली होली
श्री राणीसती दादी के साथ भक्तों ने दो क्विंटल फूलों से होली खेली। उत्सवी माहौल में महिला व पुरुष श्रद्धालु भजनों पर थिरके। सवामणि का भोग लगाया। 50 महिलाओं ने रजत कलश लेकर प्रभातफेरी निकाली और दादी चालीसा का पाठ किया। दादी मंगल महोत्सव पर आयोजित 13 दिवसीय प्रभातफेरी के आठवें दिन मंगलवार को गोलघर स्थित गोशाला से पूजन-अर्चन के बाद 50 महिलाएं शृंगारित रजत कलश व पुरुष धर्म ध्वज लेकर मां के जयकारे के साथ निकले। 

प्रभातफेरी रामकटोरा स्थित राणीसती दादी मंदिर पहुंची, जहां मां के श्रीचरण में कलश व ध्वज अर्पित कर पूजन अर्चन किया। उत्सवी माहौल में सभी ने दादी के साथ रंग-बिरंगे फूलों की होली खेली। राणीसती दादी राम समिति के मंत्री निधिदेव अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को गजरा उत्सव, 21 नवंबर को हल्दी, 22 को हल्दी व 23 को चुनरी उत्सव मनाया जाएगा। प्रभात फेरी में संजय झुनझुनवाला, शरद शाह, अरविंद जैन, रवि बूबना, जगदीश सरावगी, आनंद आदि रहे। 

13 जोड़ों की आरती से होगी महोत्सव पूर्णाहुति : दादी मंगल महोत्सव की पूर्णाहुति दादी की आरती से होगी। निधिदेव अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 500 महिलाएं रजत कलश और 200 पुरुष धर्म ध्वज के साथ वृहद प्रभातफेरी निकालेंगे। संगीतमय मंगलपाठ के साथ ही 13 जोड़े दादी की महाआरती करेंगी।

अनंत नारायण सिंह ने आईआईटी की 100 साल पुरानी मशीनें देखीं
काशी राज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह ने आईआईटी बीएचयू के मैकेनिकल इंजीनियरिंग वर्कशॉप का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने 100 साल से भी ज्यादा विंटेज मशीनें और ऑटोमोबाइल्स देखे। मशीनों के बेहतर रखरखाव पर खुशी जताई। डॉ. अनंत नारायण सिंह ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के वर्कशॉप में कई मशीनों को बड़ी बारीकी से देखा। 

इनमें से कई मशीनें तो स्थापना के समय पंडित मदन मोहन मालवीय को उपहार स्वरूप मिली थीं। काशी नरेश परिवार ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के जरिये वाराणसी की शिक्षा परंपरा को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई है। बीएचयू की स्थापना के लिए महाराजा प्रभु नारायण सिंह ने 1300 एकड़ जमीन दान में देकर और महाराजा आदित्य नारायण सिंह द्वारा गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दिलाने का इंतजाम किया गया। डॉ. अनंत नारायण सिंह ने वर्कशॉप के सदस्यों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने अनंत नारायण सिंह को मोमेंटो देकर सम्मान किया। 

मांगों को लेकर जुलूस निकाला
उत्तर प्रदेश किसान सभा ने मंगलवार को 9 सूत्री मांगों को लेकर लाल बहादुर सिंह की अध्यक्षता में जुलूस निकाला। किसान सभा ने छोटे व्यापारियों, मजदूर नौजवानों की समस्या के निदान की मांग की। तहसील में पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र उप जिलाधिकारी राजातालाब साईं आश्रित शाखमुरी को सौंपा। श्यामलाल सिंह, शिवशंकर शास्त्री, नंदा राम शास्त्री, श्यामबली पटेल मौजूद रहे। 

16 कुत्तों को बंध्याकरण के लिए पकड़ा
शहर में कुत्तों के बढ़ते आतंक के कारण नगर निगम के पशुपालन विभाग ने कुत्तों का बंध्याकरण करना शुरू कर दिया है। निगम ने इस काम के लिए चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी फॉर ह्यूमन काइंड एंड एनिमल्स को चुना है। पहले दिन 16 कुत्तों को बंध्याकरण के लिए पकड़ा। इनका बंध्याकरण कर एक सप्ताह या जब तक ठीक न हो जाएं, अपने पास रखेगी।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत 
मिर्जामुराद के रखौना गांव के समीप सोमवार की रात ट्रेन के चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह युवक के शव की पहचान राजातालाब थाने के महगाव (जोगापुर) निवासी राजाबाबू उर्फ आशीष विश्वकर्मा (22) के रूप में हुई। शव की पहचान होने पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार दो भाइयों में छोटा राजाबाबू अविवाहित था। मानसिक रूप से वह स्वस्थ नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार राजाबाबू के पिता दशरथ विश्वकर्मा की भी पांच साल पहले ट्रेन से कट कर मौत हुई थी। 

पंप चालू करते समय करंट से बुजुर्ग की मौत
राजातालाब थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की जद में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। टोडरपुर के रहने वाले बाबूलाल (60) सब्जी विक्रेता थे। शाम के समय घर में पानी के लिए टुल्लू पंप चालू किए थे। पंप बंद हुआ तो उसे फिर से देखने पहुंचे। इस बीच पंप में उतरे करंट की जद में आ गए। निजी अस्पताल चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

पांच बीघे की अवैध प्लाॅटिंग वीडीए ने कराई ध्वस्त 
वीडीए की ओर से अवैध प्लाॅटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के अनुसार सारनाथ वार्ड के जनार्दन यादव की ओर से रमना जाल्हूपुर चौबेपुर में 5 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे जोनल अधिकारी संजीव कुमार ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। 

नाै क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शून्य, दिया जाएगा नोटिस
9 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शून्य मिली है। इस पर एडीएम ने केंद्र प्रभारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि केंद्रों पर 2 दिनों में खरीद नहीं हुई तो सचिवों और जिला प्रबंधकों पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को कचहरी स्थित राइफल क्लब में धान खरीद को लेकर एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें 34 केंद्रों में धान खरीद की समीक्षा की गई। इसमें बताया गया कि अब तक 1063.68 मीट्रिक टन धान की खरीद 134 किसानों से हुई है। 

डेंगू के दो नए मरीज मिले
जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय ने बताया कि शहर में डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं। इस साल अब तक 221 डेंगू के केस मिल चुके हैं। जिन जगहों पर केस मिलते हैं। वहां पर फागिंग कराई जाती है। लार्वा की पहचान करना। फीवर ट्रैकिंग कराने पर जोर दिया जा रहा है। पूरा प्रयास है कि मच्छरों के प्रकोप को कम किया जाए। 

कम जगह में घना जंगल उगाने की तकनीक बताई 
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बिल्डरों, आर्किटेक्ट और उद्यमियों ने कम जगह में अधिक से अधिक हरियाली, जंगल उगाने की तकनीक जानी। मंगलवार को बनारस क्लब में मियावाकी वन विधि विषयक सेमिनार में वन विभाग के अधिकारियों ने पद्धति से रूबरू कराया। 

वाराणसी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन-क्रेडाई की ओर से महासचिव लोकेश गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य इमारतों व सार्वजनिक स्थलों पर मियावाकी पद्धति से कम स्थान में अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर काशी को हरियाली युक्त करना है। वन व जलवायु परिवर्तन विभाग के उच्च अधिकारी डॉ. रवि कुमार सिंह ने बताया कि इसमें छोटे-छोटे स्थानों पर कई तरह के देसी पौधे लगाए जाते हैं। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने आह्वान किया कि काशी को हरियाली युक्त करने का एकजुट प्रयास करना होगा। वृद्धेश जैन, मनीष कपूर, दीपक बजाज, दीपांकन चौधरी, राजेश सिंह, दीपक बहल, राजन खन्ना, दीपक सिंह रहे। 

विद्यालय की हालत देख विधायक ने जताई चिंता
दानगंज चोलापुर ब्लाॅक के राजकीय बालिका विद्यालय में मंगलवार को अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने निरीक्षण किया। विधायक ने बताया कि विद्यालय में 234 छात्राएं एक ही कमरे में टेबल की जगह जमीन पर बैठी मिलीं। साइंस लैब में बेंच और टेबल जर्जर अवस्था में टूटी-फूटी मिली। विद्यालय में साफ सफाई भी नहीं थी। इस पर विधायक ने चिंता और नाराजगी जताई। प्रिंसिपल अंजू सिंह के अनुरोध पर विधायक ने कहा कि 2025 में विधायक निधि के बजट से कार्य पूर्ण कराया जाएगा। 

मानसिक जांच शिविर में मिले 25 मनोरोगी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पर मंगलवार को मानसिक जांच शिविर लगाया गया। शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण कुमार ने किया। 425 लोगों की जांच करने पर 25 मनोरोगी मिले। मरीजों की काउंसिलिंग कर, उन्हें दवाइयां भी दी गईं। मनोचिकित्सक डॉ. रविंद्र कुमार यादव ने कहा कि नींद न आना, बेचैनी, भय और कानो में आवाज आना मनोरोग के लक्षण है। डॉ. अमित सिंह, डॉ. अनुपम सिंह, डॉ. फिरोज, डॉ. प्रदीप मौजूद रहे। 

मिनी नंदिनी योजना के आवेदन शुरू
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत आवेदन भरे जा रहे हैं। सीवीओ डॉ. वीपी पाठक ने बताया कि अंतिम तिथि 30 नवंबर है। पशुपालकों से अपील की है कि नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क कर आवेदन पत्र लेकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करें। पशुपालकों को स्वदेशी नस्ल साहीवाल, गीर, थारपारकर की दस दुधारू गाय, दूसरे प्रदेश के ब्रीडिंग ट्रेक्ट से खरीदकर लाना है। एक यूनिट की परियोजना लागत 23.60 लाख रुपये है। प्रति इकाई परियोजना लागत का 50 प्रतिशत अधिकतम रुपये 11.80 लाख दो समान किस्तों में अनुदान के रूप में दिया जाएगा। 

मेयर के साथ महानगर टीम ने देखी साबरमती 
मेयर अशोक कुमार तिवारी की अगुवाई में आईपी सिगरा में भाजपा पार्षद, महानगर की पूरी टीम के साथ द साबरमती रिपोर्ट फिल्म देखी। इस फिल्म में 22 साल पहले गुजरात के गोधरा में हुए ट्रेन हादसे की सच्चाई दिखाने की कोशिश की गई है। मेयर ने आम जनता से अपील की कि यह फिल्म परिवार के साथ देखनी चाहिए। मेयर के अलावा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, नवीन कपूर आदि मौजूद रहे।

विद्यापीठ की टीम रवाना
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की हॉकी टीम पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालय हॉकी (पुरुष) प्रतियोगिता 2024-25 के लिए संबलपुर के लिए रवाना हुई। 18 सदस्यीय टीम 24 नवंबर तक प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि 18 सदस्यीय टीम में पीयूष सत्यकर्णी, विजय कुमार यादव, अभिषेक यादव, मोइन अली, संदीप पाठक, सत्येंद्र पाल, ओम प्रकाश यादव, कवले का चयन किया गया है। रोहित सिंह चौहान, गोविंद सिंह बिष्ट, सुजीत कुमार, नागेंद्र कुमार, दीपक सिंह फर्त्याल, ललित नेगी, विशाल वर्मा, आकाश यादव, सिराज अहमद, अदनान भी शामिल हैं। 

बच्चों ने काॅमर्स कार्निवाल में दिखाई प्रतिभा
लिटिल फ्लावर हाउस में दो दिवसीय काॅमर्स कार्निवाल में बच्चों ने प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहित टंडन रहे। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और सफलता के मंत्र बताए। आईआईटी बीएचयू के प्रो. संजय सिंह ने एआई, मशीन लर्निंग और तकनीकी परिवर्तन के बारे में बताया।

कार्निवाल में मानविकी के बच्चों ने मानसिक स्वास्थ्य और कक्षा 10 के छात्र-छात्राओं ने वैश्वीकरण पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। पोस्टर प्रदर्शनी में कक्षा 9 और 10 के बच्चों ने महात्मा गांधी पर पोस्टर प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में फैशन शो और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां भी हुईं। अवसर पर विद्यालय के निदेशक नलिन गुलाटी मौजूद रहे।

भारतीय संस्कृति को लांक्षित करने वाली घटनाओं से रहंे दूर : प्रो. राजेश लाल
बीएचयू में हिंदी राष्ट्रवादी कवियों और उनके सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की थीम पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरुआत हुई। शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में एमपी लोक सेवा, इंदौर के अध्यक्ष प्रो. राजेश लाल मेहरा ने कहा कि भारत जिनका गुलाम रहा उन्होंने यहां की संस्कृति, मूल्यों, आचार और परंपराओं को नष्ट किया। आज भी ऐसे नेरेटिव रचे जा रहे हैं जिनसे भारतीय संस्कृति को लांछित किया जाता है। हमें ऐसी घटनाओं के प्रति सजग रहना चाहिए। 

प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी की पुस्तक का अनावरण किया गया। साहित्यकार प्रो. रामसुधार सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी कवियों की बहुत सी रचनाएं अभी तक प्रकाशित नहीं हो पाईं हैं, जिन्हें सामने लाना जरूरी है।  प्रो. मेहरा ने कहा कि भारत सांस्कृतिक राष्ट्र के रूप में ही पहचाना जाता है। हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय आंदोलन के साहित्यकारों ने देश की दुर्दशा का चित्रण और उस दशा से मुक्ति के प्रयासों पर बात किया।

आरएसएस के काशी प्रांत प्रचारक रमेश कुमार ने कहा कि वैदिक काल में जो चिंतन होता था, आज के साहित्यकार भी वैसा करें। आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. एस एन संखवार ने कहा कि हमें आचरण को अपने साहित्य से मार्गदर्शन देना चाहिए। 

एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल में तैयार हो रहे भविष्य के युवा उद्यमी
औद्योगिक आस्थान चांदपुर के एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल में भविष्य के युवा उद्यमी तैयार हो रहे हैं। मंगलवार को 30 दिवसीय उद्यमी कौशल विकास कार्यक्रम प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं में कौशल की वृद्धि कर उन्हें उद्यम की ओर अग्रसर करना है।

प्रतिभागियों को 30 दिनों तक एयर कंडीशनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षु कौशल प्राप्त करने के बाद अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ऋण पर कोई भी ब्याज नहीं लगेगा। एमएसएमई के असिस्टेंट डायरेक्टर राजेश चौधरी, वरिष्ठ प्रबंधक आशुतोष कुमार, सर्वेश श्रीवास्तव, अजय कन्नौजिया, अजमेर साहिल रहे। 

पीएचसी बड़ागांव में आधुनिक लैब में होगी जांच
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में आधुनिक लैब का उद्घाटन विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किया। लैब में मरीजों के खून से जुड़ी 63 तरह की जांच निशुल्क होगी। कार्यक्रम में विधायक ने खून की जांच के साथ ही ईसीजी भी करवाई। 70 वर्ष से ऊपर के दस लोगों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि लैब में 63 तरह की जांच की सुविधा रहेगी। चिकित्सा प्रभारी डॉ. शेर मुहम्मद, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डाॅ. ममता, राजेश यादव, दीवाकर रहे। 

ज्ञानवापी : कब्जा हिंदुओं का माना जाएगा
ज्ञानवापी से जुड़े के एक मामले में सिविल जज सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में मंगलवार को सुनवाई हुई। मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी ने अपनी बहस पूरी की। बहस का जवाब देते हुए वादी विवेक सोनी व जयध्वज श्रीवास्तव की ओर से कहा गया कि इतिहास की किताबों को हमने साक्ष्य में इसलिए दाखिल किया है ताकि यह पता लग सके कि ज्ञानवापी में अनादि काल से मंदिर अस्तित्व में था। मसाजिद कमेटी के पास दरवाजे की चाबी जरूर रही होगी, मगर महादेव अंदर मौजूद हैं तो कब्जा उन्हीं का माना जाएगा। अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी। 

गिरने लगा तापमान, अलर्ट जारी 
दो तीन दिन से हवा में नमी लगातार बनी हुई है। तापमान में भी गिरावट आती जा रही है। इस वजह से ठंड भी बढ़ रही है। सुबह कई इलाकों में कोहरा दिखा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर मौसम में आए बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि आगामी दिनों में तापमान में और कमी होने की संभावना है। ऐसे में जिले के रैन बसेरों को क्रियाशील करें। वहां शुद्ध पेयजल, अलाव, साफ बिस्तर, कंबल, गर्म पानी आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित किया जाए एवं कार्मिकों की पालीवार ड्यूटी भी लगाई जाए। 

6.30 घंटे लेट रही जनसाधारण
कोहरे और विभिन्न रेल खंडों में चल रहे विकास कार्यों के चलते ट्रेनों का परिचालन प्रभावित है। मंगलवार को नई दिल्ली-पटना जनसाधारण एक्सप्रेस 6.30 घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची। वहीं, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 5.30 घंटे की देरी से बनारस स्टेशन पर पहुंची। फरक्का 4.40 मिनट, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल 2.20 मिनट, गोरखपुर दादर स्पेशल 2.25 मिनट, नीलांचल एक्सप्रेस पौने दो घंटे, 15010 एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस, 14060 आनंद विहार-जयनगर स्पेशल, कामायनी एक्सप्रेस एक-एक घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची

नियुक्त होंगे डॉल्फिन मित्र
डॉल्फिन संरक्षण के उद्देश्य से शासन डॉल्फिन मित्र नियुक्त करेगा। इसमें गंगा नदी के निकटवर्ती गांवों में रहने वाले व्यक्तियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। वाराणसी और गाजीपुर में 6-6 डॉल्फिन मित्र नियुक्त किए जाएंगे। उन्हें मानदेय भी दिया जाएगा। वन संरक्षक डॉ. रवि सिंह ने बताया कि डॉल्फिन मित्र के रूप में उनके द्वारा संरक्षण कार्यों के लिए निर्धारित मानदेय का भुगतान विभाग करेगा। इस परियोजना से जुड़ने के लिए 26 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। डॉल्फिन मित्र बनने के लिए cfvaranasi2@yahoo.com के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। 

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और व्यापार का प्रमुख आधार बनेगा काशी का विकास 
काशी को विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना के तहत दूसरे दिन विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक के अफसरों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के विकास कार्यों को देखा। अफसरों के साथ टीम के सदस्यों ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, दशाश्वमेध प्लाजा और मान सिंह ऑब्जर्वेटरी का निरीक्षण किया। इन स्थलों पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और गति की सराहना की। 

टीम ने कहा कि यहां की विकास योजनाओं की बदौलत जल्द ही काशी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और व्यापार का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके बाद वीडीए में बैठक हुई। टीम के सदस्यों ने कहा कि वाराणसी की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हुए आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा काम किया जा रहा है। काशी का विकास मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। अध्यक्षता वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने की। 

हाईस्कूल टॉपर सृष्टि को धीरेंद्र प्रतिभा सम्मान
जिले में हाईस्कूल टॉपर सृष्टि वर्मा को मंगलवार को धीरेंद्र प्रतिभा सम्मान दिया गया। धीरेंद्र जायसवाल की जयंती पर खोजवां पुस्तकालय में कवि सम्मेलन हुआ। काशी और आसपास के जिलों से काव्य प्रेमियों ने रचना से अतीत और वर्तमान की यात्रा कराई। साहित्यकार डॉ. जय प्रकाश मिश्रा ने सृष्टि मिश्रा को सम्मान दिया। संचालन घनश्याम त्रिपाठी ने किया। 

परिषदीय स्कूलों के सूखे कचरे से बनेगी खाद
परिषदीय स्कूलों से निकलने वाले सूखे कचरे और सब्जियों के छिलके से ऑर्गेनिक खाद तैयार किया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूह, कृषि वैज्ञानिक और एनजीओ इस पहल में शामिल होंगे। स्कूलों से निकलने वाले वेस्ट को यूज किया जा सकता है। ऑर्गेनिक खाद तैयार होने के बाद इसका उपयोग स्कूल के किचन गार्डन और फूलों में होगा।

बतौर पायलट प्रोजेक्ट इसकी शुरुआत की जाएगी। जिले के जिन परिषदीय विद्यालयों में पर्याप्त भूमि है, वहां किचन गार्डन बनाया गया है। स्कूलों को इसके लिए धनराशि आवंटित हुई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले 100 विद्यालयों में यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। 

निपुण लक्ष्य पर शिक्षकों ने की चर्चा
काशी विद्यापीठ विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय केराकतपुर में मंगलवार को संकुल शिक्षकों ने न्याय पंचायत स्तरीय बैठक की। 27 व 28 नवंबर को कक्षा एक से आठ तक होने वाली नेट परीक्षा व चार दिसंबर को परिषदीय विद्यालयों में होने वाले नेशनल अचीवमेंट सर्वे के संबंध में चर्चा हुई। ब्लॉक अकादमिक रिसोर्स पर्सन अमिताभ मिश्र ने परीक्षा में शतप्रतिशत छात्र उपस्थिति पर चर्चा की गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed