फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   major news in one click o varanasi Photographers handed over leaflet to mayor

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः फोटोग्राफरों ने मेयर को सौंपा पत्रक, मुशायरा व जलसा संपन्न

Mon, 02 Sep 2024 05:31 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 02 Sep 2024 05:31 PM IST
सार

Varanasi News: फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मिलकर विभिन्न मामलों पर विमर्श किया। मुत्ताहिदा उलेमा कौंसिल की ओर से जलसा का आयोजन किया गया। इस दौरान मौलाना ने शांदी की अपील की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
major news in one click o varanasi Photographers handed over leaflet to mayor
मेयर को ज्ञापन सौंपते फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के लोग। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश वाराणसी के फोटोग्राफरों ने सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी से भेंट करके एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वाराणसी के नवनिर्मित घाटों पर युगल/ परिवारिक फोटोग्राफी/ वीडियोग्राफी हेतु छायाकारों को अनुमति प्रदान करने हेतु की अपील की गई। 

विज्ञापन


महापौर की तरफ से जल्द से पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया। उक्त अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मिथिलेश उपाध्याय, वाराणसी अध्यक्ष विभाष दूबे, जोन मीडिया प्रभारी राजेश प्रजापति, कार्यकारी अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, कमलेश, दिनेश, जय किशन, प्रकाश, अमित, राजू, नवीन, कन्हैया, पंकज एवं उमेश सहित वाराणसी टीम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन


मोतियों से सजीं महादुर्गा, बांटा गया पांच क्विंटल हलवा का प्रसाद
शृंगार महोत्सव के दूसरे दिन मां महादुर्गा का सफेद मोतियों से शृंगार किया गया। सोने में पिरोई सफेद मोतियों की माला से सुसज्जित मां की मनोहारी छवि देख भक्त निहाल होते रहे। भक्तों में प्रसाद स्वरूप पांच क्विंटल हलवा बांटा गया। इससे पहले शाम चार बजे मंदिर के पट बंद कर मां का शृंगार किया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


स्वर्णमयी प्रतिमा को कोलकाता से मंगाए गए विशेष मंदाकिनी के फूलों से सजाया गया। उसके साथ जूही, गुलाब, रजनीगंधा, कमल पुष्पों से मां का शृंगार किया गया। शाम छह बजे मंदिर के पट पुनः खोल दिए गए। शृंगार व आरती पंडित संजय दुबे ने किया और सहयोग चंचल दुबे का रहा। संयोजन महंत राजनाथ दुबे, कलाकारों का स्वागत विकास दुबे, चंदन दुबे एवं किशन दुबे ने किया।

षष्ठी पर सोहर गूंजे, लड्डू गोपाल को लगा सोठौरा और अछवानी का भोग
वाराणसी। भगवान श्रीकृष्ण की षष्ठी रविवार को भी मनाई गई। लड्डू गोपाल को सोठौरा आदि का भोग लगा। हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में हरे कृष्ण महामंत्र से शुरुआत हुई। तुलसी जी, गौर और नृसिंह आरती हुई। 

सोहर व बधाई गीत के साथ भजन कीर्तन पर महिलाएं झूमीं। भगवान को सोठौरा, कढ़ी, चावल का भोग लगा। पूजन में सोसाइटी के अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद दास, गुलाब, गोपी, राधवेंद्र, मुकेश आदि रहे। इसी तरह गोवर्धन पूजा समिति की ओर से नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम मंदिर में षष्ठी मनाई गई। सोठौरा, अछवानी, पुड़ी, खीर, फल आदि का भोग लगा। वृंदावन के कलाकारों ने राधा कृष्ण की झांकी सजाई। महिलाओं ने डांडिया नृत्य किया।
  
लोकगीत गायक डॉ. मन्नूलाल यादव गीतों से सभी को आनंदित किया। मुख्य अतिथि एमएलसी आशुतोष सिन्हा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी पूजन अर्चन किया। अध्यक्षता विनोद यादव गप्पू ने की। संचालन पारस यादव ने किया। 

पुण्यतिथिः बेटे और पोते-पोती ने सजाई  ताल शिरोमणि की स्मृतियां
ताल शिरोमणि पं. कुमारलाल मिश्र की छठवीं पुण्यतिथि पर लहुराबीर स्थित गायत्री मंदिर में संगीत संध्या का आयोजन हुआ। कलाकारों ने सुर, लय व ताल से उन्हें नमन किया। उनके बेटे, पोते और पोती ने भी प्रस्तुतियों से उन्हें याद किया। 

तलांजलि एवं कपिश उपाध्याय मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित संगीत संध्या की शुरुआत उनके पुत्र गौरव मिश्र, पौत्र जय मिश्र, कान्हा मिश्र और पोती पौत्री तनुश्री मिश्रा और शिष्यों ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। 

इसके बाद कान्हा मिश्र ने तबले पर बनारस घराने की बंदिशें बजाकर प्रभावित किया। पोती तनुश्री मिश्रा ने राग दुर्गा में बंदिशें पेश कीं। इसके बाद पं. मंगला प्रसाद मिश्र ने तबले पर तीन ताल में उठान, कायदा, फर्द और परन को साधकर पिता की स्मृतियों को ताजा कर दिया। चौथी प्रस्तुति डॉ. आशीष मिश्रा के गायन की रही। अंत में सर्वोत्तम मिश्रा ने सितार वादन की प्रस्तुति दी। इस मौके पर एड. विनोद शंकर उपाध्याय, स्वामी ब्रिज नंदन भारती बीर बाबा, महंत वैभव गिरी, जितेंद्र गिरी आदि रहे। 

70 शिक्षकों का हुआ सम्मान
बीएचयू में प्रो. हरिहरनाथ त्रिपाठी फाउंडेशन की ओर से आयोजित संगोष्ठी में शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे और चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. आरपी पाठक ने कहा कि शिक्षकों के प्रति लोगों की संवेदनशीलता बहुत जरूरी होती है। 

उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से आधुनिक काल तक शिक्षकों के समक्ष कर्तव्यबोध और चुनौतियां रही हैं। वनस्पति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एनके दूबे ने कहा कि छात्रों के सामाजिक, शैक्षणिक और चारित्रिक निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका है। प्रो. सरफराज आलम, प्रो.धीरज किशोर, प्रो. श्रद्धा सिंह, डॉ. आभा मिश्रा पाठक ने भी विचार रखे। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से वाराणसी, आजमगढ़, बलिया के 70 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. क्षेमेंद्र मणि त्रिपाठी, प्रो. मल्लिकार्जुन जोशी, प्रजानाथ शर्मा, डॉ.ओपी राय आदि मौजूद रहे। 

अघोरपीठ में रुद्रार्चन से मनाया कीनाराम जन्मोत्सव
अघोर चतुर्दशी पर रविवार को हरिश्चंद्र घाट स्थित अघोरपीठ मंत्रों से गुंजायमान हो उठा। रुद्रार्चन के साथ ही बाबा कीनाराम का जन्मोत्सव मनाया गया। अघोरपीठ पर पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा के सानिध्य में रुद्रार्चन किया गया। श्मशान पीठ के सभी आयोजन तंत्रोक्त विधि विधान से संपन्न हुए। 

कपाली बाबा ने कहा कि ये काशी की ही नहीं वरन विश्व की सबसे पुरानी धार्मिक परंपरा है। अनुष्ठान में भाग लेने वाले अनुयायियों के दैहिक, दैविक एवं भौतिक ताप निसंदेह बाबा काशी विश्वनाथ के कृपा से नष्ट होते हैं। इस दौरान डॉ. देव दत्त उपाध्याय, राजकुमार, साधक आदित्य आनंद, सार्थक महाराज, डॉ. रमेश सिंह उपस्थित रहे। 

मानव शृंखला से पर्यावरण के प्रति किया जागरूक
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए बीएचयू के सिंह द्वार से अस्सी घाट तक पर्यावरण चेतना यात्रा निकाली। अस्सी घाट पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को सचेत किया कि अगर पर्यावरण संरक्षण के लिए सचेत न हुए तो मुश्किलें बढ़ेंगी। यहां मानव शृंखला बनाकर समाज में पर्यावरणीय चेतना जागृत करने के लिए संगठित प्रयास करने की जरूरत पर जोर दिया गया। 

अभाविप के विकासार्थ विद्यार्थी की ओर से निकली चेतना यात्रा के मुख्य अतिथि काजीरंगा और केआईआईटी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. पीके मिश्र ने कहा कि आज पर्यावरणीय चिंतन बेहद जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण की बात सभी करते हैं, लेकिन उसका क्षय रोकने के लिए प्रयास कम किए जाते हैं। 

विकासार्थ विद्यार्थी की राष्ट्रीय सह-संयोजिका पायल राय ने कहा कि पर्यावरण चेतना यात्रा एक प्रयास है वाराणसी के युवाओं को पर्यावरणीय घटकों के संरक्षण की खातिर जोड़ने के लिए। अभाविप काशी प्रांत के प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह, काशी प्रांत प्रमुख राम बाबू, प्रांत संयोजक प्रियांशु ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में हर्षा सिंह, राकेश, निवेदिता, शीतल, दिया, नीतू, श्रेया, वंशिका, शेजल, उमा, राशि, प्रिया आदि ने यात्रा में हिस्सा लिया। 

नबी की सीरत पर चलें सभी मुसलमानः मौलाना बातिन
मुत्ताहिदा उलेमा कौंसिल बनारस की ओर से दालमंडी के छत्तातला स्थित बड़ी मस्जिद में बीची रात में इस्लाहे मुआशरा व इत्तेहाद-ए-उम्मत पर जलसा हुआ। मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने मुसलमानों को नबी की सीरत अपनाने पर जोर दिया। कहा कि हमें इत्तेहाद के साथ रहने की जरूरत है। 

मौलाना इश्तियाक अली ईमानी, मौलाना अहसन जमील मदनी ने भी तकरीर पेश की। कौंसिल के सरपरस्त मौलाना जकीउल्लाह कादरी की दुआख्वानी के साथ जलसे का समापन हुआ। जलसे में मनाजिर हुसैन मंजू, शाहिद परवेज, नदीम अहमद राजू, फैसल इकबाल, आकिब, इरफान, आबिद, अब्दुल करीम आदि रहे। 

84 लाख योनियों में सिर्फ मनुष्य योनि को ही वाणी का मिला है वरदान
मुंबई से आईं विख्यात वक्ता राजेश्वरी मोदी ‘राज दीदी‘ ने कहा कि वाणी का हमेशा सदुपयोग ही करें। 84 लाख योनियों में सिर्फ मनुष्य योनि को ही वाणी रूपी वरदान प्राप्त है। वाणी पर संतुलन हमारे जीवन को बरकत से भर देता है। 

वह सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘आजीवन खुश रहने का मंत्र‘ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। नारायण रेकी सत्संग परिवार की ओर से आयोजित समारोह में राज दीदी ने कहा कि आजीवन खुश रहने का मंत्र पूरी सकारात्मक ऊर्जा के साथ इस ब्रह्मांड में विचरण कर रहा है।  

कार्यक्रम के शुरुआत में बटुकों ने चौपाई गाकर स्वागत किया। प्रांशु भालोटिया ने भजन प्रस्तुत किया। दीप प्रज्ज्वलन में सुशीला अग्रवाल, बैजनाथ भालोटिया, कुसुम भालोटिया, शांति देवी रूंगटा, अनिता भालोटिया, अरविंद अग्रवाल शामिल रहे। वर्षा, कृति, नैना, पूजा, मिक्कू, नुपूर ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। संचालन अर्पिता गोयल ने किया।

आईआईएम मुंबई में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बने प्रमोद कुमार 
सारनाथ। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में सहायक कुलसचिव के पद पर तैनात प्रमोद कुमार सिंह को मुंबई स्थित आईआईएम में वरिष्ठ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मानव प्रबंधन) के पद पर प्रतिनियुक्ति पर तीन वर्षों के लिए नियुक्त किया गया। आईआईएम मुंबई में प्रतिनियुक्ति पर तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान के कुलपति प्रो. डब्लू डी नेगी, रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता चंद्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार हिमांशु पांडेय ने प्रमोद सिंह को बधाई दी। संवाद

शैक्षणिक और शोध गुणवत्ता को बढ़ाना प्राथमिकता
बीएचयू के कला संकाय के नवनियुक्त संकाय प्रमुख प्रो. माया शंकर पांडेय का स्वागत किया गया। समारोह में निवर्तमान प्रमुख प्रो. श्रीकिशोर मिश्रा को विदाई भी दी गई। प्रो. मिश्रा ने बताया कि कला संकाय में इतने विषयों को साथ लेकर चलना चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे अन्य प्राध्यापकों के सहयोग से पूरा करने का प्रयास किया गया। 

प्रो. माया शंकर पांडेय ने कहा कि संकाय में शैक्षणिक एवं शोध गुणवत्ता को बढ़ाना और विद्यार्थी कल्याण को गति प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रो. मुकुल राज मेहता, प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने भी विचार रखे। संचालन डॉ. अर्पिता और उप कुलसचिव रंजीत शांडिल्य ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में प्रो. सदाशिव द्विवेदी ने प्रो. मिश्रा का स्वागत किया। 

स्मार्ट प्रयोगशाला के लिए सचिवालय की स्थापना को मंजूरी
वरुणा समेत देशभर की छोटी नदियों का कायाकल्प करने के मकसद से काशी में स्मार्ट प्रयोगशाला के निर्माण के लिए सचिवालय (एसएलसीआर) की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की 56वीं बैठक में 265 करोड़ रुपये की जिन नौ परियोजनाओं को मंजूरी दी है, उनमें यह परियोजना भी शामिल है। 

इसके लिए पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, आईआईटी बीएचयू और डेनमार्क के बीच साथ मिलकर काम करने पर सहमति बनी थी। इसमें छोटी नदियों के विकास के लिए वैश्विक विशेषज्ञता का उपयोग किया जाएगा। स्वच्छ नदियों पर स्मार्ट प्रयोगशाला सचिवालय के लिए 16.80 करोड़ रुपये का प्रारंभिक वित्तपोषण और परियोजना विकास के लिए डेनमार्क से पांच करोड़ का अतिरिक्त अनुदान मिलेगा। आईआईटी बीएचयू में एक हाइब्रिड लैब मॉडल और वरुणा नदी पर ऑन फील्ड लिविंग लैब स्थापित की जाएगी। यह परियोजना दो से तीन वर्षों में मूर्त रूप लेगी।

मॉडल ने आईटी एक्ट के तहत दर्ज कराया मुकदमा
सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट और पैसे की मांग करने वाले किरन शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ मॉडल ममता राय ने आईटी एक्ट के तहत सोमवार को भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। महमूरगंज के तुलसीपुर लवकुश अपार्टमेंट में रहने वाली ममता राय के अनुसार वह ममता फाउंडेशन चलाती है। सोशल मीडिया पर एक मिलियन फॉलोवर हैं। किरन शर्मा ने फोटो पोस्ट कर भद्दे कमेंट किए और डोनेशन की मांग रहा है। भेलूपुर पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

भतीजे समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में चाचा ने भतीजे समेत दो के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। सरसौली निवासी कमलेश सिंह के अनुसार, भतीजे विकास सिंह और उसके साथी रुद्र पांडेय ने 18 अगस्त को महावीर मंदिर स्थित ढाबे पर बुलाया और मारपीट की। पुलिस ने विकास को हिरासत में लिया और रूद्र पांडेय मौके से भाग निकला। कैंट पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। 

चचेरे भाई ने चिकित्सक को पीटा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के राजापुरा में डॉ. अब्दुल रसीद को चचेरे भाई ने पीट दिया। पीड़ित चिकित्सक ने सोमवार को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित डॉ. अब्दुल के अनुसार, वह दोपहर में बिजली मीटर की रीडिंग करा रहा था, इस बीच बड़े पिता का लड़का मो. अकील आया और गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी।

कहीं 30 तो कहीं 7 दिन से नहीं हटाया गया ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर
ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बिजली निगम ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर भूल गया है। स्थिति यह है कि मंडुवाडीह उपकेंद्र के पीछे की कॉलोनी में करीब एक महीने से ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर बीच में ही पड़ा है, जिसे अब तक हटवाया नहीं जा सका है।

ककरमत्ता के जानकी नगर कॉलोनी में 27 अगस्त को ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसके बाद यहां ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन सात दिन बाद भी इसे नहीं हटाया गया। इसके अलावा मंडुवाडीह उपकेंद्र के पीछे कॉलोनी में 28 जुलाई को ही ट्रांसफॉर्मर खराब हुआ था। एक महीने हो गए, अब तक ट्रॉली ट्रांसफार्मर यहीं पर लगा है।

मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल का कहना है कि ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर आकस्मिक व्यवस्था में लगाया जाता है। जिन जगहों पर लंबे समय से लगाकर इसे हटाया नहीं गया है, संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। खराब ट्रांसफार्मर को सही करवाया जाएगा।

श्रीवल्लभ विद्यापीठ में खेली जाएगी भारोत्तोलन प्रतियोगिता
जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता सात सितंबर को भैरोनाथ स्थित श्रीवल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित की गई है। इसमें वाराणसी जिले के सभी दस जोन के बालिका वर्ग की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। सभी प्रतिभागियों को अपने साथ प्रमाणपत्र लेकर उपस्थित होना होगा। 

निगरानी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी
एडीजे सप्तम अवधेश कुमार की कोर्ट में ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग के मामले में हिंदू पक्ष को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सोमवार को सुनवाई नही हो सकी। अगली सुनवाई के लिए नौ सितंबर की तिथि नियत की गई है। इस मामले में निगरानी कर्ता मुख्तार अहमद की ओर से कोर्ट में बहस शुरू कर दी गई है। 

डीआरएम ऑफिस से क्लर्क की बाइक चोरी
डीआरएम ऑफिस में क्लर्क के पद पर तैनात न्यू लोको कॉलोनी, लहरतारा निवासी पंकज सेन की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने काशी विद्यापीठ चौकी पर तहरीर देकर बताया कि बाइक ऑफिस परिसर स्थित वाहन स्टैंड से चोरी हुई है। बाइक की डिग्गी में उसके कागजात भी थे। 

दो आरोपियों को पेश नहीं करने पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी
एक कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी व गबन के चेतगंज थाने के एक मामले में दो आरोपियों को पेश नहीं करने पर एसीजेएम पंचम की अदालत ने सख्त रुख अख्तियार किया है। अदालत ने छत्तीसगढ़ की बालोद जेल के कारागार अधीक्षक को नोटिस जारी करते हुए सख्त टिप्पणी की।

कहा कि आरोपी बलिया का बालचंद चौरसिया व पटना का अरुणेश बालोद जेल में निरुद्ध हैं। बनारस के मामले में कई तारीखों से तलब किए जाने के साथ कारागार अधीक्षक को अनुस्मारक भी जारी किया गया। फिर भी आरोपियों को पेश नहीं किया गया। इसके चलते आरोपियों के खिलाफ आरोप नहीं बन पा रहा है। कोर्ट ने इसे घोर लापरवाही बताया। कहा कि सुनवाई की अगली तारीख 16 सितंबर को दोनों आरोपी कोर्ट में पेश नहीं किए गए तो कारागार अधीक्षक स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देंगे। 

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
जंसा थाना क्षेत्र की सारंगपुर (बाबापुर) गांव निवासी लल्लन पटेल की पत्नी कुसुम पटेल (51) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सोमवार सुबह कुसुम पटेल का शव गांव के सामने रेलवे लाइन के किनारे पड़ा था। ग्रामीण जब शौच करने गए तो देखा कि पटरी के किनारे महिला का शव पड़ा हुआ है। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार, कुसुम मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह चार पुत्रियों और दो पुत्र की मां थी। कुसुम का पति पेशे से राजगीर है। 

घर जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोप
शिवपुर के ऐढ़े मोड़ पर छेड़खानी की शिकायत एक छात्रा ने सोमवार को शिवपुर थाने की पुलिस से की। छात्रा ने पुलिस को बताया कि दो-तीन दिन पहले सिंधोरा थाना के भईभानपुर गांव का मूल निवासी और सुखमय विहार कॉलोनी निवासी एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की थी। युवक ने सोमवार को भी स्कूल से घर जाते समय ऐढ़े मोड़ पर उसका हाथ पकड़ लिया था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शिवपुर थाने ले गई। पुलिस ने कहा कि छात्रा की तहरीर पर युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

सात हजार चुरा कर भाग रहे किशोर को पकड़ा
कपसेठी चौराहे पर एक जनरल स्टोर के कैश बॉक्स का ताला खोलकर सोमवार को एक किशोर सात हजार रुपये चुरा कर भाग रहा था। दुकानदार संजू ने किशोर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। कपसेठी थाने की पुलिस दुकानदार की तहरीर पर घटना की जांच कर रही है। 

ट्रक की टक्कर से बहन के घर जा रहे युवक की मौत
बाबतपुर एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की रविवार रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंत्येष्टि कर दी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के चनौली बसनी के बबलू पटेल (29) बाइक से रविवार शाम बहन के घर नामापुर जा रहा था। 

एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास सड़क के किनारे कुछ वाहन खड़े थे। वह उन वाहनों को पास कर आगे बढ़ा तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से वह बाइक लेकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। परिजनों के अनुसार, बबलू पिता कवींद्र पटेल का इकलौता पुत्र था और चार वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। उसका डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। बबलू की मौत के बाद उसकी पत्नी रेनू देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बबलू के पिता पीडब्ल्यूडी में हैं। बबलू खेती करता था। 

दुकान से गहने गायब, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
आभूषण की दुकान संचालित करने वाली रेखा सेठ ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत पर शिवपुर थाने की पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। रेखा सेठ बताया कि उनकी दुकान पर एक महिला 17 अगस्त की दोपहर आई थी। उसे सोने का जेवर दिखाया गया था। महिला जब दुकान से निकली तो 15 ग्राम सोने के जेवर गायब थे।

रेखा सेठ ने बताया कि वह 15 दिनों से शिवपुर थाने का चक्कर लगा रही है, लेकिन न पुलिस ने जांच की और न कोई कार्रवाई हुई। शिवपुर थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से महिला को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। 

कर्ज चुकाने के बावजूद मांग रहे एक लाख रुपये
अकथा, ओमनगर कॉलोनी निवासी शक्ति सिंह ने दो नामजद सहित एक अज्ञात पर कर्ज से ज्यादा पैसे भरने के बाद भी एक लाख रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट के आरोप में लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को शक्ति सिंह ने बताया कि दवा लेने समेत अन्य जरूरी काम की वजह से वह अपने परिचित सोयेपुर के उमेश गौतम से दो लाख रुपये लिया था। 

बैंक के ब्याज दर से पूरा पैसा लौटा दिया। अब उससे एक लाख रुपया और मांगा जा रहा है। इनकार करने पर उमेश गौतम, हिमांशु सिंह व एक अज्ञात उसके घर पर आए और मारपीट की। बचाव करने आई पत्नी के साथ भी आरोपियों ने दुर्व्यवहार किया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। 

पति की मौत के मामले में पत्नी सहित एक पर केस
लंका थाना क्षेत्र के अशोक पुरम कॉलोनी में किराए पर रहने वाले शुभम मिश्रा (28) की संदिग्ध हाल में मौत मामले में पत्नी समेत एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शुभम के भाई की तहरीर पर लंका पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है। पंकज मिश्रा के अनुसार, भाई की 24 अगस्त की रात में मौत हुई है। 

भाभी अपराजिता ने बताया कि शुभम ने फंदे पर लटक जान दे दी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुदकुशी नहीं निकला। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया। पंकज मिश्रा का आरोप है कि घटना के बाद अपराजिता 4,00,000 नकदी और आभूषण, चार पहिया गाड़ी लेकर फरार हो गई। 

जीजा प्रवीण तिवारी उसके पैतृक गांव गिरिया थाना चौरी शव लेकर पहुंचे। पंकज मिश्रा का आरोप है कि घटना वाले दिन उनका भाई शुभम मिश्रा विंध्याचल गया था। रात में पत्नी का बार-बार फोन आने पर वह उसे लेकर अशोक पुरम आया था। रात 2 बजे जीजा प्रवीण को अपराजिता ने फोन कर कहा कि शुभम की हालत गंभीर है। उसने बीएचयू अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। साथ ही बीएचयू अस्पताल में एंबुलेंस में उसका शव रखवा दिया। 

कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
चोलापुर के इमलिया बाजार में सोमवार शाम कार की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। राजापुर निवासी भानु प्रताप चौबे (30) बाइक से शहर की जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

दो महिलाओं समेत तीन डेंगू संक्रमित
मौसम में बदलाव के साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार को दो महिलाओं समेत तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। खास बात यह है कि तीनों मरीज ग्रामीण इलाकों के हैं, जिसमें दो काशी विद्यापीठ ब्लॉक जबकि एक मरीज चिरईगांव ब्लॉक से है। इसके साथ ही इस साल डेंगू के मरीजों की संख्या 23 हो गई है।

जून से सितंबर तक बारिश होने से जगह-जगह जलभराव की समस्या होती है। इस वजह से मच्छरों का खतरा बढ़ जाता है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 632 घरों में अभियान चलाकर जांच की गई।

जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि इस दौरान तीन घरों में लार्वा मिलने पर नोटिस जारी कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बताया कि सोमवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक में 51 वर्षीय पुरुष, इसी ब्लॉक में मंड़ाव में 61 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही चिरईगांव निवासी 37 वर्षीय महिला भी संक्रमित हुई है। संक्रमितों के घर के आसपास साफ-सफाई करवाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी जांच करवाने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed