महाशिवरात्रि: उज्जैन, देवघर जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं, कैंट से चलती हैं महाकाल व अन्य गाड़ियां; परेशानी
Varanasi News: महाशिवरात्रि को लेकर काशी सहित देश के सभी धार्मिक स्थलों पर तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में शिव भक्त उज्जैन और जाने को उत्सुक हैं लेकिन ट्रेनों में जगह नहीं मिल पा रही है।
विस्तार
अगले महीने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस दिन भगवान भोलेनाथ का दर्शन और पूजन करने बड़ी संख्या में लोग उज्जैन और झारखंड में देवघर तक जाते हैं। इसके लिए श्रद्धालु अभी से ही ट्रेनों में बुकिंग करवा रहे हैं, लेकिन स्थिति यह है कि महाशिवरात्रि तक उज्जैन जाने वाली प्रमुख ट्रेनें, जैसे महाकाल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में किसी भी श्रेणी में कोई जगह उपलब्ध नहीं है। देवघर जाने वाली ट्रेनों में भी यही स्थिति है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है।
महाशिवरात्रि पर कई लोग काशी विश्वनाथ का दर्शन और पूजन करने के साथ ही परिवार के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर जाते हैं। इसी तरह देवघर में बाबा के धाम में भी भारी भीड़ रहती है। रेलवे की ओर से जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 20413 महाकाल एक्सप्रेस वाराणसी रेलवे स्टेशन से सप्ताह में मंगलवार और बृहस्पतिवार चलती है। 27 जनवरी से 16 फरवरी तक स्लीपर और एसी कोच में कोई जगह नहीं है। शिवरात्रि के बाद भी 17 मार्च तक किसी श्रेणी में सीट उपलब्ध नहीं है।
यात्रियों को हुई फजीहत
19168 साबरमती एक्सप्रेस में भी मार्च के पहले सप्ताह तक कोई जगह नहीं है। 19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस वाराणसी से हर दिन उज्जैन जाती है। इसमें भी मार्च के पहले सप्ताह तक स्लीपर और एसी में कोई सीट उपलब्ध नहीं है। देवघर जाने के लिए लोग जसीडीह से उतरते हैं। वाराणसी से चलने वाली 12334 विभूति एक्सप्रेस (सप्ताह के सभी दिन) और 12370 कुंभ एक्सप्रेस (सप्ताह में बृहस्पतिवार, रविवार को छोड़कर अन्य दिन) भी महाशिवरात्रि तक और उसके अगले सप्ताह तक पूरी तरह भरी हुई हैं।