बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज बनेगा मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, गठित होगा विंध्य विकास बोर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विंध्यवासिनी धाम क्षेत्र का विकास एवं सुंदरीकरण श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा। इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद की तरह विंध्याचल धाम तीर्थ विकास परिषद और विंध्य विकास बोर्ड का गठन 15 दिसंबर तक कर लिया जाएगा। धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी ने बुधवार को विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर के निर्माण के लिए फेजवार मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बुधवार को कमिश्नरी सभागार में विंध्याचल धाम क्षेत्र के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए बनाए जा रहे मास्टर प्लान के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एएनवी एसोसिएट द्वारा बनाए जा रहे मास्टर प्लान पर एसोसिएट के आर्किटेक्ट आशीष श्रीवास्तव को धीमी प्रगति पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान तैयार होने के बाद प्रत्येक कार्य का समय सीमा निर्धारित की जाएगी। विंध्याचल परिक्रमा पथ का प्रपोजल सोमवार तक शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विकास कार्य के लिए क्षेत्र के चिह्नित 92 दुकानदारों के पुनर्वास पर चर्चा हुई। विंध्याचल क्षेत्र में विकास कार्य के दौरान कॉरिडोर का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण, दर्शनार्थियों एवं पर्यटकों के लिए रैन बसेरा का निर्माण, गंगा घाट का निर्माण, वाच टावर, मल्टीलेवल वाहन पार्किंग स्थल का निर्माण, आकर्षक साइनेज, सीवर की व्यवस्था, शौचालय एवं पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। मिर्जापुर में पर्यटन विभाग का राही गेस्ट हाउस को ध्वस्त करा कर तीन-चार मंजिला गेस्ट हाउस बनाने का डीपीआर बनाने को कहा।
वाराणसी कमिश्नर के अनुभव का मिर्जापुर में लाभ
मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने जिलाधिकारी मिर्जापुर से कहा कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भांति मां विंध्यवासिनी धाम का विकास कार्य होना है। कमिश्नर वाराणसी दीपक अग्रवाल ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण कार्य में अहम भूमिका अदा की है। उनके अनुभव का लाभ विंध्यवासिनी धाम कॉरीडोर के विकास कार्य में अवश्य लिया जाए। उन्होंने विंध्यवासिनी धाम, अष्टभुजा एवं काली खोह (त्रिकोण) यात्रा को सुगम बनाने के लिए सड़क मार्ग से जोड़े जाने का निर्देश दिया।
परियोजना प्रबंधक को लगी फटकार
सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में निर्माणाधीन लंगर हाल के निर्माण में विलंब पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक रामविजय को कड़ी फटकार लगाई। गोदौलिया के पास सड़क पर राजकीय निर्माण निगम द्वारा कराए जा रहे कार्य की गुणवत्ता खराब होने पर जांच के निर्देश दिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन 50 शैया के महिला चिकित्सालय का काम समय से पूरा नहीं होने पर राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराने को कहा।
छोटा किया जाएगा मैदागिन चौराहा
स्मार्ट सिटी योजना में मैदागिन चौराहे के एक गोलंबर को छोटा किया जाएगा। इससे मैदागिन पर होने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन जितेंद्र कुमार सिंह, कमिश्नर वाराणसी दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी मिर्जापुर, नगर मजिस्ट्रेट मिर्जापुर, लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम के अभियंता उपस्थित रहे।