वाराणसी में टावर पर चढ़ा आशिक: पुलिस को काॅल किया, बोला- युवती के पापा शादी नहीं करवा रहे; पहुंची टीम
Varanasi News: वाराणसी के हरहुआ क्षेत्र में प्रेम विवाह की जिद में एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया। उसने खुद डायल-112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक का कहना है कि प्रेमिका के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हैं।
विस्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र के वार गांव में गुरुवार शाम प्रेम विवाह की जिद को लेकर एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया। खास बात यह रही कि युवक ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर टावर पर चढ़ने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के अनुसार अहरक पुरबपुर गांव निवासी 21 वर्षीय सौरभ सरोज पेंटिंग का काम करता है। उसने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम करता है और उससे विवाह करना चाहता है। हालांकि युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।
बताया गया कि गुरुवार शाम सौरभ की युवती से फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान युवती ने एक बार फिर अपने परिजनों की असहमति जताई। इससे आहत होकर सौरभ घर से निकल गया और प्रेमिका के गांव के पास पहुंच गया। वहां उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित बिजली के टावर पर चढ़ गया।
टावर पर पहुंचने के बाद युवक ने स्वयं डायल-112 पर कॉल कर अपनी स्थिति की जानकारी दी। सूचना पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक अपनी मांग पर अड़ा रहा।
इसके बाद हरहुआ पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी और उपनिरीक्षक के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने युवक से शांतिपूर्वक बातचीत की और उसे समझाया कि उसकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। लगातार समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में युवक टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को अपने साथ चौकी ले गई और परिजनों से भी बातचीत की। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।