ट्रांसफार्मर का तार ठीक करते समय करंट की चपेट में आया लाइनमैन, मौत
गाजीपुर जिले के मुबारकपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम ट्रांसफार्मर पर तार ठीक करते समय संविदा लाइनमैन मुनीब राम (35) की करंट के चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मखदूमपुर गांव निवासी मुनीब राम अपने एक सहयोगी के साथ मुबारकपुर गांव में ट्रांसफार्मर से टूटे तार की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान विद्युत करेंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि गंगौली फीडर से मुबारकपुर गांव में बिजली आपूर्ति होती है।
वहीं बांकी फीडर से भी अन्य गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। दोनों फीडर के समानांतर विद्युत आपूर्ति संचालित होने के चलते शट डाउन लेने के बाद भी मुबारकपुर गांव के तार में करंट का प्रवाह हो गया था।
मृतक की पत्नी मंजू देवी, पुत्री संध्या एवं पुत्र आदित्य व अंकित शव देखकर बिलखने लगे। कोतवाल बलवान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।