बीएचयू अस्पताल में टपक रही छत: इमरजेंसी, ओपीडी वाले रास्ते पर पानी से परेशानी; एमआरआई सेंटर के पास फिसलन
वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और रास्तों पर जलभराव से मरीजों की परेशानी बढ़ गई। इमरजेंसी और ओपीडी जाने वाले मार्ग पर पानी जमा रहा। ब्लड बैंक और एमआरआई सेंटर के पास भी फिसलन की स्थिति बनी रही। इससे मरीजों और तीमारदारों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारिश के बाद बीएचयू अस्पताल में जलभराव की समस्या के साथ अब छत से पानी टपकने की समस्या भी सामने आई है। अस्पताल परिसर में सीटी स्कैन सेंटर के पास ब्लड बैंक और एमआरआई कक्ष की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन दिन से लगातार पानी टपक रहा है। इसके चलते मरीजों और तीमारदारों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
अस्पताल के मुख्य गेट से बाल रोग, नेत्र रोग विभाग होते हुए इमरजेंसी जाने वाले रास्ते पर भी जगह-जगह पानी जमा है। बुधवार को बाल रोग विभाग में एक बच्चे को परिजन स्ट्रेचर पर लेकर इसी जलभराव वाले रास्ते से गुजरे। पानी से बचाते हुए किसी तरह स्ट्रेचर को आगे ले जाया गया। बुजुर्ग और महिला मरीजों को भी पानी और फिसलन के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी।
इमरजेंसी अस्पताल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। यहां एंबुलेंस से मरीजों को उतारने वाली जगह पर भी बुधवार को पानी जमा रहा। ऐसे में मरीजों को एंबुलेंस से उतारकर अस्पताल के भीतर ले जाने में परिजनों को दिक्कत हुई। उन्हें पानी से बचाते हुए मरीजों को अंदर ले जाना पड़ा।
मंगलवार रात करीब 11 बजे हुई तेज बारिश के बाद अस्पताल परिसर में स्थिति और खराब हो गई। उमंग फार्मेसी के गेट के सामने से इमरजेंसी की ओर जाने वाले रास्ते पर काफी पानी भर गया था। पैदल चलना मुश्किल होने के साथ वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हुई। सड़क किनारे खड़ी कई दोपहिया वाहन पानी में डूब गए।
कुछ लोग बाइक लेकर पानी से गुजरने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पानी में पहुंचते ही उनकी मोटरसाइकिलें बंद हो गईं। इसी दौरान एक निजी एंबुलेंस भी जलभराव में फंसकर बंद हो गई। अस्पताल में बारिश के दौरान जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी है।