नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का बड़ा आरोप, कोविड की आड़ में प्रदेश में हो रही अवैध वसूली
कहा, पूरा प्रदेश गिद्धों के हवाले, नोच रहे हैं आम आदमी को
मास्क पर 10 हजार रुपये जुर्माना, तो कहीं जरूरी सामान किए जा रहे ब्लैक
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि वर्तमान में पूरा प्रदेश गिद्धों के हवाले है, जो आम आदमी को नोच रहे हैं। हर जगह अवैध वसूली हो रही है। मास्क को लेकर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया जा रहा तो कहीं जरूरी सामान ब्लैक किए जा रहे हैं। सरकार सिर्फ बयानों तक ही है।
उन्होंने कहा है कि ऐसे विकट समय में लोग सिर्फ डॉक्टरों की सलाह मानें। दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी का फार्मूला अपनाएं। अपनी तथा अपने परिवार की रक्षा खुद करें। उन्होंने ये बातें मंगलवार को अपने आवास से जारी बयान में कहीं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी का कोई पुरसाहाल नहीं है। कोविड को छोड़िए, अधिसंख्य सरकारी अस्पतालों में इस समय सामान्य रोगों का भी इलाज बंद हैं। लोग मरीज को लेकर भटक रहे हैं। इसका नाजायज फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं।
जरूरी दवाएं भी बाजार से गायब
उन्होंने कहा कि जरूरी दवाएं बाजार से गायब हैं। मिल भी रही हैं तो मनमाने दाम पर। इस स्थिति पर हाई कोर्ट ने गंभीर चिंता जतायी है फिर भी सरकार कान में तेल डाले सो रही है। ऐसे विकट समय में भाजपा सरकारें आम आदमी को बचाने की जगह चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को जितवाने में लगी हैं। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने तो नैतिकता की सभी हदें पार कर दी हैं।