Varanasi: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को वकीलों ने पीटा, पुलिसकर्मियों से भी झड़प
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपियों की वाराणसी कोर्ट में पेशी के दौरान वकीलों ने पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो वकीलों से उनकी भी झड़प हो गई।
विस्तार
गंगा आरती देखकर घर लौट रही किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के चार आरोपियों की वाराणसी कोर्ट में पेशी के दौरान वकीलों ने पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो वकीलों से उनकी भी झड़प हो गई। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया। बाद में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। कोर्ट में पेशी कराने के बाद आरोपियों को लेकर पुलिसकर्मी जेल चले गए।
सिंधौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी 19 मई को दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देखकर वापस घर जा रही थी। रात नौ बजे के लगभग वह ऑटो से बाबतपुर पहुंची। बाबतपुर से घर जाने के लिए वह ऑटो का इंतजार करने लगी। उसी समय बाइक सवार चार युवक आए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे।
दुष्कर्म का वीडियो बनाकर किया था वायरल
विरोध करने पर एक युवक ने उसके पैर पर बाइक चढ़ा दी। इसके बाद उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चारों उसे खेत में ले गए और मारपीट कर बारी-बारी से दुष्कर्म किए। चारों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया और बाद में वायरल कर दिया।
ये भी पढ़ें: नाबालिग से रेप के आरोप में भोजपुरी सिंगर गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर पोस्ट की तस्वीरें
वायरल वीडियो किशोरी के भाई को मिला तो वह सन्न रह गया। वारदात के पांच दिन बाद पीड़िता ने अपने भाई के साथ फूलपुर थाने जाकर चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अगले दिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी मामले में चारों आरोपियों को गुरुवार को पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर पहुंची थी। उसी दौरान जब कुछ वकीलों को इसकी जानकारी हुई तो उनलोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया पिटाई करनी शुरू कर दी।
रास्ते के विवाद में मां-बेटी की पिटाई
जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते शराब के नशे में धुत मनबढ़ों ने मां-बेटी के साथ अश्लील हरकत करते हुए लाठी-डंडे से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाई। पीड़िता अपनी बेटी को लेकर थाने जा रही थी कि रास्ते में रोककर मनबढ़ों ने बेटी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दोबारा पिटाई कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार ले गई, जहां स्थिति गंभीर होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की लीपापोती में लगी हुई है। इस मामले में जब थानाध्यक्ष राकेश पाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीजे पर डांस के लिए घराती और बराती भिड़े
कपसेठी थाना क्षेत्र के सिरीहरा गांव में बुधवार की देर शाम भदोही जिले से बारात आई थी। द्वारचार के समय डीजे पर डांस करने को लेकर बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। मारपीट के साथ ही दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। आरोप है कि इसी बीच गांव के ही सुरेश कुमार के सिर में पत्थर लग गया। सुरेश कुमार की तहरीर के आधार पर रजनीश मौर्या और ऋषिराज मौर्या के खिलाफ कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।