UP: काशी की बहू ने 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई वंदे भारत, पीएम को लेकर सुष्मिता ने कही ये बात
Varanasi News: सुष्मिता वर्तमान में प्रयागराज डिवीजन में तैनात हैं। वह तीसरी वंदे भारत चला रही हैं। पीएम मोदी के हाथों उद्घाटित ट्रेन को चलाकर उन्होंने कहा कि यह मेरा साैभाग्य है।
विस्तार
बनारस से खजुराहो तक की दूरी पहली बार तय करने वाली वंदे भारत के नाम एक रिकॉर्ड जुड़ गया। काशी की बहू और प्रयागराज में तैनात पायलट सुष्मिता ने ट्रेन चलाई। उन्होंने 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से वाराणसी से खजुराहो तक की 464 किलोमीटर की दूरी तय की है।
मूल रूप से प्रयागराज डिवीजन में तैनात लोको पायलट सुष्मिता तीन वंदे भारत चलाने वाली महिला लोको पायलट भी बन गईं। इससे पहले सुष्मिता ने दिल्ली और आगरा तक जाने वाली वंदे भारत चलाई थी।
प्रधानमंत्री ने शनिवार की सुबह शिवयोग में जैसे ही बनारस रेलवे स्टेशन से वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वैसे ही एक साथ कई रिकॉर्ड बन गए। प्रधानमंत्री ने नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। इसी वजह से महिला लोको पायलट सुष्मिता की ड्यूटी लगाई गई।
अमर उजाला ने लोको पायलट सुष्मिता से बात की तो वह उत्साहित हो गईं। उन्होंने कहा कि पहले दो वंदे भारत चला चुकी हैं। अब बनारस से खजुराहो तक जाने वाली वंदे भारत को चलाने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री ने जिस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, उस ट्रेन को चलाना मेरा सौभाग्य है।
रास्ते भर गूंजता रहा जयश्री राम, वन्देमातरम, सेल्फी पॉइंट बना कोच
बनारस से खजुराहो तक कोच में जय श्रीराम और वंदेमातरम की गूंज सुनाई देती रही। स्कूली छात्रों के साथ ट्रेन मे बैठे अन्य लोग ताली बजाकर जय श्री राम के नारे लगाते रहे। उद्घाटन वाले दिन सेल्फी लेने की भी होड़ रही। जिस भी स्टेशन पर ट्रेन रुकी वहां लोगों ने परिवार संग अंदर आकर सेल्फी ली। उधर, स्टेशनों पर ट्रेन के रुकते ही ढोल नगारो के साथ स्वागत किया।