फिल्म का एलान: बड़े पर्दे पर उतरेगी कानपुर और कन्नौज में इनकम टैक्स छापे की कहानी, ‘रेड’ के निर्माता ने की घोषणा
फिल्म निर्माता कुमार मंगत पाठक ने कहा कि कानपुर और कन्नौज में आयकर के छापे में वास्तव में दीवारों से रुपये निकलने की घटना सामने आई। इसे देखते हुए उन्होंने ‘रेड-2’ फिल्म बनाने का मन बना लिया।
विस्तार
कानपुर और कन्नौज में जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय की टीम और इनकम टैक्स के छापे पर देश के मशहूर फिल्म निर्माता कुमार मंगत पाठक ‘रेड-2’ फिल्म बनाएंगे। उन्होंने यह घोषणा यूपी में पहली बार आयोजित ‘काशी फिल्म महोत्सव’ में एक पैनल चर्चा के दौरान की।
उन्होंने कहा कि उनकी बनाई ‘रेड’ फिल्म में केवल यह दर्शाया गया था कि दीवारों से भी पैसे निकल सकते हैं। जबकि हाल में कानपुर और कन्नौज में रेड में जब वास्तव में दीवारों से पैसे निकले तो ‘रेड-2’ फिल्म बनाने का मन बना लिया। फिल्म में दीवारों से पैसे निकलने का सीन दिखाया जाएगा।
महाराष्ट्र में सिर्फ मराठी फिल्मों को सब्सिडी : कुमार मंगत
कुमार मंगत पाठक ने कहा कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री एक परिवार की तरह है। करीब 90 प्रतिशत यूपी के मजदूर बिना पहचान के चुपचाप काम करते हैं। सभी मिलकर इंडस्ट्री के विकास के लिए काम करते हैं। आज यूपी सरकार सब्सिडी दे रही है। महाराष्ट्र सरकार सिर्फ मराठी फिल्मों को सब्सिडी दे रही थी। यूपी हिंदी सिनेमा को सपोर्ट कर रहा है।
काशी में होगा अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रीमियर
फिल्म निर्माण से जुड़े विनोद बच्चन ने कहा कि अगले फिल्म फेस्टिवल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों का प्रीमियर भी काशी में होगा। फिल्म एक जगह बैठक कर नहीं बनाई जाती। फिल्म सिटी इंटरनेशनल लेवल की बनाई जाएगी। यह फिल्म सिटी देश की कलात्मक दुनिया को रिप्रेजेंट करेगी।
बनारस में शूट हुई फिल्मों की लगी चित्र प्रदर्शनी
काशी फिल्म महोत्सव में राष्ट्रीय फिल्म संग्रहालय व प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो, सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में लगाई गई है। प्रदर्शनी में भारतीय फिल्मों के इतिहास के बारे में चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। पहले और वर्तमान की काशी के बारे में भी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी 29 दिसंबर तक आमजन के लिए निशुल्क खुली रहेगी।
भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता पर लगेगा रोक : रवि किशन
गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि यूपी में फिल्म सिटी निर्माण के लिए 10 हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। यहां हिंदी फिल्म के अलावा, मराठी, बंगाली, तेलुगु फिल्म निर्माताओं का भी स्वागत किया जाएगा। अब भोजपुरी सिनेमा की अश्लीलता पर रोक लगाने पर काम होगा। पीएम मोदी ने कम समय में काशी को बदल दिया। जो विकास कार्य 70 साल में नहीं हुए वह पीएम ने महज सात साल में कर दिखाया है।
पढ़ेंः काशी फिल्म महोत्सव में बोले अनुपम खेर: विरासत में नहीं कठिन परिश्रम से मिला मुकाम