यूपी: कच्छा-बनियान गिरोह ने परिवार को पीटा और बनाया बंधक, पूरा घर खंगालकर उड़ाए लाखों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शुक्रवार की रात परिजनों को बंधक बना कर पांच बदमाशों ने लाखों की डकैती की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर गृहस्वामिनी को मारपीट कर घायल भी कर दिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव निवासी रामराजी देवी के घर में शुक्रवार की रात घर के पीछे की खिड़की तोड़कर पांच बदमाश अंदर घुस आए। रामराजी एक कमरे में सोई थी और उसकी बहू, बेटी व पोता दूसरे कमरे में सोए थे।
बदमाशों ने बहू के कमरे की कुंडी बाहर से लगा कर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद घर खंगालना शुरू कर दिया। इस बीच रामराजी की नींद खुल गई तो बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल करने के साथ ही असलहे से धमका कर शांत करा दिया और घर को खंगालने का क्रम जारी रखा।
पूरा घर खंगालने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद रामराजी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में सूचना बरदह थाना पुलिस को भी दी गई। सुबह पुलिस पहुंच कर मौका मुआयना भी किया।
वहीं रामराजी देवी को इलाज के लिए भेजा गया। रामराजी के अनुसार डकैत पांच की संख्या में थे और कच्छा-बनियान पहने हुए थे। वे लाठी-डंडा व रॉड के साथ ही हथियारों से लैस थे। पीड़िता के अनुसार डकैत घर में रखे एक लाख रुपये नकद व एक लाख के जेवरात के साथ कुछ अन्य कीमती सामान उठा ले गए हैं।
घटना से गांव में दहशत व आक्रोश
कच्छा-बनियान गिरोह द्वारा घटना को अंजाम देने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में दहशत के साथ ही आक्रोश व्याप्त हो गया है। लोगों का कहना है कि एक बार फिर क्षेत्र में कच्छा बनियान गिरोह सक्रिय हुआ है। यदि पुलिस महकमा समय रहते इनकी गिरफ्तारी कर आवश्यक कार्रवाई नही करता है तो ये आगे भी डकैती की ऐसी घटनाओं को अंजाम देंगे।
सीओ (लालगंज) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। जल्द ही बदमाशों का पता लगा कर उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। घायल महिला को इलाज के लिए भेजा गया है। फिलहाल कच्छा-बनियान गिरोह के द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।