इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर: सात दिन...25 हजार खरीदार, करोड़ों का कारोबार; बनारस के आंगन में मिनी वर्ल्ड
Varanasi News: शाम के समय यहां सबसे अधिक भीड़ उमड़ रही है। मेले में उद्यमी और व्यापारी ग्राहकों को विभिन्न डिस्काउंट भी दे रहे हैं। आकर्षक डिजाइन और अंतरराष्ट्रीय फैशन ट्रेंड से सजे परिधान महिलाओं और युवतियों को खूब पसंद आ रहे हैं।
विस्तार
India International Mega Trade Fair: बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में 11 दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर अब अपने अंतिम चरण में है। चार दिन शेष होने के बाद ट्रेड फेयर में जबरदस्त भीड़ उमड़ने लगी है। आयोजकों के मुताबिक, सात दिनों में यहां 25 हजार से अधिक लोगों ने खरीदारी की है। बनारस के लोगों के लिए यह ट्रेड फेयर एक बेहतरीन पिकनिक स्पॉट के रूप उभर रहा है।
इस ट्रेड फेयर की सबसे बड़ी विशेषता यहां मिलने वाले देशी और विदेशी उत्पाद हैं। मेले में दुबई के परफ्यूम, अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स, थाइलैण्ड के जूते समेत 35000 से अधिक उत्पाद मौजूद हैं, जिनकी कीमत 500 रूपये से भी कम है। इसके अलावा भदोही के मशहूर पाकीज़ा कालीन की भव्यता हो या गुजरात की गांधी खादी की सादगी, हर स्टॉल अपनी एक अलग कहानी कह रहा है।
महिलाओं के लिए बुटीक के लेटेस्ट कलेक्शन, आकर्षक आभूषण और कश्मीर के विश्वप्रसिद्ध सूट व साड़ियां आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। मेले में नामी ब्रांडेड फूड प्रोडक्ट्स जैसे एवरेस्ट मसाला और वाघ बकरी चाय के स्टॉल्स पर भी लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता लोगों को खासा आकर्षित कर रही है।
प्रतिदिन हो रहा लाखों का कारोबार
आयोजकों के अनुसार, मेले में अब तक लगभग 25,000 से अधिक लोग अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। मेले में हर दिन लाखों रुपये की खरीदारी हो रही है। बनारस के लोग यहां न केवल घर की जरूरतों का सामान ले रहे हैं, बल्कि बच्चों के साथ शाम बिताने और देश भर के व्यंजनों का स्वाद लेने भी पहुंच रहे हैं।