बीमारी या...चार वर्षीय बच्ची की मौत: अचानक बिगड़ी थी तबीयत, घर के आसपास जलभराव और गंदगी; पहुंची टीम
जिले में चार वर्षीय इकरा की बुखार, उल्टी-दस्त के बाद मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार इकरा चार-पांच दिन से बुखार से पीड़ित थी। शुक्रवार शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। घर के आसपास जलभराव और गंदगी की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम भेजी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ में निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में शनिवार को बुखार, उल्टी और दस्त के बाद चार वर्षीय बच्ची इकरा की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया। मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और परिजनों से बीमारी व उपचार के संबंध में जानकारी ली।
फरिहा निवासी सलमान की चार वर्षीय बेटी इकरा पिछले चार-पांच दिनों से बुखार से पीड़ित थी। उसका स्थानीय निजी चिकित्सक से उपचार कराया जा रहा था। शुक्रवार शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। तेज बुखार के साथ उसे उल्टी और दस्त होने लगे। परिजनों ने दवा दिलाई, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बच्ची का विशेषज्ञ चिकित्सक से उपचार कराने में परेशानी थी। बच्ची के घर जाने वाले रास्ते में जगह-जगह कीचड़ और पानी भरा है।
घर के आसपास भी लंबे समय से जलभराव और गंदगी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें रोजाना इसी गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है। जलभराव और गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका से ग्रामीण चिंतित हैं। लोगों ने साफ-सफाई कराने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
मौत के कारण को लेकर परिजन और स्वास्थ्य विभाग के बयान अलग
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्ची के पिता सलमान से पूछताछ कर उसकी बीमारी, उपचार और अंतिम समय में सामने आए लक्षणों की जानकारी जुटाई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बच्ची को झटके आ रहे थे। उन्होंने कहा कि मौत को केवल बुखार, उल्टी और दस्त से जोड़ना उचित नहीं है। जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।