Varanasi News: सपा नेता बोले- चुनाव जीतना है तो एसआईआर कार्य में लगें, कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
Varanasi News: सपा नेता रामअचल राजभर ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनाव के मुद्दों पर विमर्श किया। इस दाैरान उन्होंने सियासी तंज भी किया। कहा कि भाजपा अब सनातन के खिलाफ काम कर रही है।
विस्तार
Varanasi News: एसआईआर के प्रभारी सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर ने कहा कि चुनाव जीतना है तो कार्यकर्ताओं को एसआईआर कार्य में लगना होगा। लोढ़ाव व भेलूपुर में हुई बैठक में उन्होंने एसआईआर के तहत नो मैपिंग के फाॅर्म जमा कराने के लिए पार्टी के भीतर गंभीरता बढ़ाने और संगठन की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया पार्टी के चुनावी भविष्य का आधार है, लेकिन जमीनी स्तर पर बीएलओ अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है। केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में भारी अंतर है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। भाजपा सरकार में जितने मंदिर तोड़े गए उतने किसी राजा के कार्यकाल में नहीं तोड़े गए।
भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम हो चुकी है। यह सरकार लोगों के अधिकारों को कुचल रही है। भाजपा ने शंकराचार्य का अपमान किया। महारानी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा तोड़ दी गई।
विरोध करने वाले पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने की। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट और धन्यवाद जिला महासचिव आनंद मौर्य ने किया। संयोजन डॉ. अजय चौरसिया ने किया।
155 लोगों ने जमा किए प्रपत्र
सेवापुरी ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को एसआईआर कार्यक्रम के तहत कैंप लगा। इसमें जो लोग अपने प्रपत्र मतदाता सूची में नामांकन के लिए नहीं जमा करा पाए थे, उन्हें बुलाया गया था। प्रथम चरण में विकास क्षेत्र के विभिन्न गांव से 750 लोगों को नोटिस दिया गया था। इनमें 155 लोगों ने प्रपत्र जमा किए। वहीं, चिरईगांव ब्लाक सभागार में बुधवार को एसआईआर प्रक्रिया में अनमैप मतदाताओं की जनसुनवाई हुई।
इसमें 70 से ज्यादा मतदाताओं ने अपने फाॅर्म के साथ सही प्रपत्र लगा कर दाखिल किया। बीडीओ छोटे लाल तिवारी ने बताया कई लोग अधूरे प्रपत्र लेकर आए थे जिन्हें सही कागजात के साथ अगले दिन आने को कहा गया। वहीं, पिंडरा बाजार में भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआइआर) में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।