लॉकडाउन में कंप्यूटर, मोबाइल या लैपटॉप पर ज्यादा बिता रहे हैं समय,तो इस बीमारी को दे रहे हैं दावत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन में आप घर पर हैं और कंप्यूटर, मोबाइल या लैपटॉप पर अधिक समय बिता रहे हैं तो सावधान हो जाएं। इससे आप कंप्यूटर विजन सिंड्रोम के शिकार हो सकते हैं। यानी जलन, सूजन और सिर में दर्द जैसी शिकायतें सामने आ सकती हैं। यदि समय पर ध्यान न दिया तो आंखें कमजोर हो सकती है।
बीएचयू नेत्र रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपक मिश्रा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि इस समय आंखों की सेहत पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। कंप्यूटर, मोबाइल या टेलीविजन के सामने अधिक समय बिताने से बजें। मोबाइल हो या कंप्यूटर, उससे हानिकारक किरणें निकलती हैं। पलक के ऊपर वाले हिस्से में आंसू की ग्रंथियां होती हैं, इससे आंसू निकलते हैं। जब बहुत देर तक मोबाइल और स्क्रीन देखते हैं तो यह प्रक्रिया रुक जाती है और आंखों का बार-बार झुकना बंद हो जाता है।
-
बच्चों पर ज्यादा ध्यान देनें की जरूरत
- स्क्रीन के सामने ज्यादा समय बिताने पर आंखों में दर्द, सूखापन होना और आंखें लाल होना जैसी समस्या हो सकती है। नींद न आना और थकान की समस्या भी होती है। बच्चों की बात करें तो सभी बच्चों का ऑनलाइन क्लासेज ले रहे हैं। वीडियो गेम भी खेलते हैं। बेहतर होगा कि केवल केवल आधे घंटे के लिए ही क्लास हो और दो क्लासों के बीच में गैप हो।
- सवाल: आखों की सुरक्षा के लिहाज से किस तरह के गैजेट्स का इस्तेमाल किया जाए?
- जवाब: छोटी स्क्रीन वाले मोबाइल और कंप्यूटर ज्यादा हानिकारक होते हैं। जितनी बड़ी स्क्रीन पर काम करेंगे, उतना बढ़िया होगा। कंप्यूटर पर काम करते समय दूरी मेंटेन रखें। कंप्यूटर के सामने सही स्थिति में बैठा जाए।
- सवाल: इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का ज्यादा इस्तेमाल करना जरूरी हो तो क्या करें?
- जवाब: आंखों के लिए कोई व्यायाम तो नहीं है, लिहाजा जितना अधिक बचाव करेंगे, वही ठीक होगा। डाक्टर की सलाह पर आर्टिफिशियल टीयर सब्सिच्यूट डाल सकते हैं। अगर आखों में लाली है, खुजली है तो थोड़ी-थोड़ी देर पर आंखें खोलते रहें। कंप्यूटर पर सीधे बैठें, गर्दन सीधी रखें।
- सवाल: किस तरह की सावधानियां बरती जाएं?
- जवाब: काम करते समय आंखों को बीच-बीच में आराम जरूर दें। रात में मोबाइल पर मूवी देख रहे हैं तो लगातार मोबाइल देखने से बचें। आखों का हाइड्रेशन बना रहे, इसके लिए खूब पानी पिएं। मौसमी फल खाएं और फलों का जूस ले। इससे हाइड्रेशन बना रहेगा। तरल पदार्थ का सेवन अधिक करें।
-
20-20 का फार्मूला है कारगर
डॉ. दीपक मिश्रा ने कहा कि लगातार बहुत देर तक काम करने से कंप्यूटर विजन सिंड्रोम का खतरा रहता है। लिहाजा आंखों की सुरक्षा के लिए 20-20 का फार्मूला अपनाएं। यानी अगर 20 मिनट कंप्यूटर पर काम कर रहे हैं तो 20 सेकंड के लिए आंखों को कंप्यूटर से हटा लें और 20 फीट यानी 6 मीटर की दूरी पर देखें।