अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट आए तो तस्दीक के बाद ही करें दोस्ती, नहीं तो ऐसा पड़ जाएगें खतरे में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में वैमनस्यता फैलाने के आरोप में बीते रविवार को निशा जिंदल की तलाश शुरू की। हकीकत सामने आई तो पुलिस के साथ ही लोग भी हैरत में पड़ गए। फेसबुक पर 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स वाली निशा जिंदल रवि निकला। यही नहीं रवि सोशल मीडिया पर ऐसे ही सात और फर्जी अकाउंट चला रहा था। इसे देखते हुए वाराणसी के लोगों को साइबर क्राइम टीम की ओर से आगाह किया जा रहा है।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मंगलवार को बताया कि फेसबुक पर आकर्षक तस्वीर लगी अनजान महिला, युवती या किशोरी की प्रोफाइल से दोस्ती का अनुरोध मिलने के बाद पहले संबंधित की टाइम लाइन चेक करें। अगर सामने वाले ने लंबे समय से अपनी टाइम लाइन पर कुछ शेयर नहीं किया है और कोई लाइक या कमेंट नहीं हैं तो सतर्क हो जाएं। सही या फेक प्रोफाइल की तस्दीक के लिए यूआरएल जरूर चेक करें।
कई बार ऐसा होता है फेक आईडी बनाने के दौरान जालसाज अपना यूजर नेम बदलना भूल जाता है। आकर्षक प्रोफाइल फोटो की हकीकत जानने के लिए गूगल इमेज सर्च ऑप्शन में जाकर खोजें। इससे पता लग जाएगा कि फोटो गूगल से ली गई है या नहीं।
इसके अलावा दोस्ती का अनुरोध भेजने वाले के होमटाउन, स्कूल-कॉलेज और वर्क प्लेस आदि की भी पुष्टि कर लें। फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने वाले से सवाल भी करें कि वह कहां से है, क्या करता है और क्यों दोस्ती करना चाहता है।
यदि फेक प्रोफाइल होगी तो सही जवाब की बजाय शायरी या प्यार-मोहब्बत वाले मैसेज आने शुरू हो जाएंगे। एसएसपी ने कहा कि इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखने पर फेसबुक पर कोई फेक आईडी वाला हमसे दोस्ती नहीं कर पाएगा।
तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ऐंठते हैं रुपये
जिला साइबर क्राइम टीम के कोऑर्डिनेटर विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते दिनों चौबेपुर क्षेत्र से दो युवक गिरफ्तार किए गए थे। वह फेसबुक पर लड़कियों की फेक प्रोफाइल बनाए थे। किसी को भी जाल में फंसा कर अपनी फ्रेंड से मोबाइल पर बात करा कर वह पैसा ऐंठते थे। फेक प्रोफाइल बनाने वाले सभी ऐसा ही करते हैं।
या तो वह भड़काऊ या उकसाऊ किस्म के मैसेज पोस्ट करते हैं। या फिर, अपनी अश्लील चैटिंग के जाल में फंसा कर निजी तस्वीरें मंगवा लेते हैं और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर रुपये ऐंठते हैं। विजय ने कहा कि फेसबुक पर अनजान युवतियों या महिलाओं की तस्वीरें लगी फोटो से फ्रेंड रिक्वेस्ट आए तो सतर्कता बरतने और हर तरह से पुष्टि कर लेने के बाद ही अनुरोध स्वीकार करें।