Varanasi: IAS एस राजलिंगम ने वाराणसी के 58वें डीएम का कार्यभार संभाला, गिनाई अपनी प्राथमिकता
वाराणसी के नये जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने रविवार को कार्यभार ग्रहण किया। एस राजलिंगम 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
विस्तार
2009 बैच के आईएएस अधिकारी एस राजलिंगम ने रविवार को वाराणसी के 58वें जिलाधिकारी के तौर पर कार्यभार संभाला। इससे पहले उन्होंने परम्परानुसार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव, काशी विश्वनाथ दरबार एवं संकटमोचन मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। मीडिया से बातचीत में बातचीत में एस राजलिंगम ने जिलाधिकारी के तौर पर अपनी प्राथमिकता गिनाई।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कुपोषण के क्षेत्र में काम करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। इसके अलावा जनपद में विकास कार्यों को बेहतर और प्रभावी ढंग से लागू करना भी उनकी जिम्मेदारी है। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्रम एवं रुद्राक्ष की माला भेंट की।
एस राजलिंगम के बारे में जानिए
नवागंतुक जिलाधिकारी एस राजलिंगम शनिवार को देर रात वाराणसी पहुंचे और रविवार को विधिवत सुबह दर्शन-पूजन के पश्चात कोषागार में कार्यभार ग्रहण किया। एस राजलिंगम मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुनेलवेली के रहने वाले हैं। एनआईटी त्रिचरापल्ली से 2009 में सिविल सर्विस में आने के बाद राजलिंगम की पहली तैनाती बांदा जनपद में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर हुई थी।
उसके बाद मुख्य विकास अधिकारी के रूप में देवरिया और डीएम के रूप में औरैया, सुल्तानपुर और सोनभद्र में सेवा दे चुके हैं। इसके अलावा दुग्ध विकास विभाग, वाणिज्य कर विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, नगर विकास तथा आयुक्त नगर निगम अयोध्या के पदों पर तैनात रहे हैं।
उन्हें वाराणसी का 58वां डीएम बनाया गया है। वाराणसी पहुंचने पर नवागंतुक जिलाधिकारी का वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जनपद के अधिकारियों से उनका परिचय प्राप्त किया।