होमगार्ड के बेटे की मौत का मामला: एक युवक से भी हुआ था फल विक्रेता का विवाद, CCTV फुटेज से सामने आया सच
Varanasi News: बीते बुधवार की सुबह वाराणसी के रविदास घाट से गंगा में कूदने से युवक की मौत हो जाने पर पुलिस पर कई आरोप लगे थे। दूसरी तरफ, पुलिस मामले की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसमें कई तथ्य सामने आए। उन तथ्यों की तफ्तीश करते हुए युवक के पिता यानी होमगार्ड के खिलाफ भी पुलिस को कई आपराधिक कृत्यों के बारे में पता चला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के रविदास घाट से गंगा में कूदकर जान देने वाले सब्जी-फल विक्रेता विशाल सोनकर (20) के मामले में सीसी कैमरों की फुटेज से कुछ नए तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 8.10 बजे विशाल पर 12वीं की एक छात्रा ने अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मॉर्निंग वॉक पर निकले लंका थानाध्यक्ष और दो हमराहियों के सामने दो थप्पड़ मारा था। इसके बाद 10.15 से 10.40 बजे तक विशाल की दुकान के पास उसका एक अन्य युवक से विवाद हुआ था।
इस दौरान वह दुकान का अपना काम भी निपटाता रहा। लगभग 11 बजे के बाद आदत के अनुसार शराब पी। फिर, गंगा स्नान करने गया और तैरते हुए देखा गया। उसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। गंगा में खड़े एक क्रूज को पकड़ कर उसने बचने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
पुलिस के अनुसार, यह बात गलत है कि पुलिस कर्मी और छात्रा के थप्पड़ से आहत होकर विशाल ने जान दी थी। यदि वह आहत हुआ होता तो तत्काल जाकर गंगा में छलांग लगा देता।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा गांव का रहने वाला शारदा सोनकर लंका थाने में होमगार्ड है। बेटा विशाल नगवां में रहकर सब्जी और फल बेचने का काम करता था। शारदा के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग आठ बजे रविदास पार्क के पास स्कूल जा रही एक छात्रा और विशाल के बीच कुछ कहासुनी हुई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लंका थानाध्यक्ष और उनके दो सिपाहियों के सामने छात्रा ने विशाल को दो थप्पड़ मार दिया। आहत होकर विशाल ने गंगा में कूद कर जान दे दी।
होमगार्ड का आपराधिक इतिहास मिला, होगी कार्रवाई
पुलिस की जांच में होमगार्ड शारदा सोनकर का आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ लंका थाने में ही हत्या के आरोप, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत तीन मामले हैं।
इंस्पेक्टर लंका शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि चंदौली पुलिस से भी शारदा सोनकर के बारे में जानकारी मांगी गई है। होमगार्ड विभाग को शारदा की जांच के लिए पत्र भेजा जा रहा है। शारदा ने तथ्यों को छिपा कर होमगार्ड की नौकरी प्राप्त की है। कमिश्नरेट के अधिकारियों को अलग से रिपोर्ट बना कर भेजी जा रही है।
रोजाना करता था परेशान, गुस्से में मारा था थप्पड़
गंगोत्री विहार कॉलोनी में मां के साथ किराये पर रहने वाली छात्रा कमच्छा स्थित एक स्कूल की 12वीं की छात्रा ने बताया कि उसके पिता नहीं हैं। मां दूसरों के घर में चौका-बर्तन कर उसे पढ़ाती हैं। स्कूल जाने के दौरान विशाल रोज भद्दी टिप्पणी करता था।
बुधवार सुबह एक बार फिर उसने वही किया तो वह साइकिल खड़ी कर विरोध करते हुए रोने लगी। रास्ते से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने विशाल को कायदे से रहने को कहा। उसी दौरान सादे कपड़ों में तीन पुलिस वाले गुजर रहे थे। उसे रोता देख कर वह रुक गए।
एक ने विशाल को पहचान कर कहा कि तुम हमारे थाने के ही होमगार्ड के लड़के हो और लड़की पर भद्दे कमेंट करते हो। तुम अपनी करतूत से कब बाज आओगे और कब तक पिता के कारण बचते रहोगे। इसके साथ ही उन्होंने विशाल को एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद छात्रा की हिम्मत बढ़ी और उसने भी दो थप्पड़ लगाए दिए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को बंधाया ढाढस
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को विशाल के नगवा स्थित किराये के कमरे पर उसका शव लाया गया। परिजनों को ढाढ़स बंधाने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे।
उनके साथ महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, सपा की पूजा यादव, प्रदीप यादव, सत्यप्रकाश सोनकर और वरुण सिंह भी थे। हरिश्चंद्र घाट पर विशाल की अंत्येष्टि की गई, जहां मुखाग्नि शारदा सोनकर ने दी। परिजनों ने बताया कि विशाल दो भाई और दो बहन में सबसे छोटा था। उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है।