हेरोइन तस्करी का सरगना अरेस्ट: मणिपुर तक था नेटवर्क, खाते से करोड़ों का लेनदेन; सोनभद्र में देनी थी सप्लाई
चोपन पुलिस ने डाला में अल्ट्राटेक पार्किंग के पास से हेरोइन तस्करी के सरगना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 49.20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनभद्र में हेरोइन की आपूर्ति करने आया था। जांच में तस्करी का नेटवर्क मणिपुर तक फैले होने और बैंक खातों से करोड़ों रुपये के लेनदेन का पता चला है।
विस्तार
चोपन पुलिस ने बृहस्पतिवार को हेरोइन तस्करी गिरोह के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया। गिरोह के सरगना मो. अफजाल (40) को 49.30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने दावा किया कि उसका नेटवर्क पूर्वोत्तर भारत तक फैला हुआ है। वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर उससे हेरोइन तैयार करता था और एजेंटों के माध्यम से छोटी-छोटी मात्रा में पूर्वी यूपी के विभिन्न जिलों में भेजता था।
पुलिस की जांच में उसके बैंक खातों से इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन भी पकड़ में आया है। विशेष टीम गठित करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी गई है।एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में गिरफ्तार तस्कर को मीडिया के सामने पेश करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शुद्धि के तहत मादक पदार्थ के तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी के तहत बृहस्पतिवर की सुबह चोपन एसओ गोपालजी गुप्ता को सूचना मिली कि तस्कर अफजाल ट्रेन से हेरोइन लेकर सोनभद्र आ रहा है। वह चोपन थाने में दर्ज मामले में वांछित था। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी तलाश शुरू की।
डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा उस्मान निवासी मो. अफजाल (40) के रूप में हुई है।
अयोध्या, बाराबंकी में भी दर्ज हैं मामले
एसपी ने बताया कि अफजाल हेरोइन तस्करी गिरोह का किंग पिन (सरगना) है। वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर अपने यहां मादक पदार्थ तैयार करता है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर भी इसकी व्यवस्था कर सप्लाई करता है। उसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है। वह सोनभद्र के कुछ लोगों को हेरोइन देने आया था। एसपी ने बताया कि हेरोइन तस्करी में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और अब पकड़े गए अफजाल के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों को भी शीघ्र दबोचा जाएगा।
तस्कर अफजाल के खिलाफ बाराबंकी, अयोध्या और सोनभद्र में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में आठ मामले दर्ज हैं। चोपन थाने में दर्ज प्राथमिकी में भी वह वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर सहित अन्य धाराओं में भी कार्रवाई करते हुए अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति जब्त की जाएगी।