बारिश का रेलवे पर भी कहर: पीडीडीयू-पटना रेल रूट के ट्रैक पर भरा पानी, बलिया में पटरी धंसी
पूर्वांचल में भारी बारिश के चलते लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। जगह-जगह शहरों में जलभराव हो गया है। इसी वजह से चंदौली जिले में पीडीडीयू-पटना रेल रूट पर ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो रहा है। इसी के साथ ही बलिया में छपरा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पटरी धंस जाने से ठप हो गया है।
बलिया जिले में जानकारी के अनुसार रविवार सुबह में 4 बजे बांसडीह रोड के पास के बारिश के कारण ट्रेन की पटरी धंस गई है। इसके चलते कई ट्रेनें इधर-उधर स्टेशनों पर खड़ी हैं। ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चंदौली जिले में तीन दिनों से लगातार बारिश होने से पटना में ट्रैकों पर पानी भर गया है। इससे पीडीडीयू-पटना रेल रूट बाधित हो गया। इससे पटना रूट की ओर जाने वाली नौ ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। वहीं 11 ट्रेनों को गया के रास्ते भेजा गया। इससे पटना की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।
पूर्व मध्य रेलवे ने मंडुआडीह पटना जनशताब्दी, कोलकाता झांसी एक्सप्रेस, उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस, कोलकाता अमृतसर, पटना भभुआ, भागलपुर दानापुर, पटना हटिया, भागलपुर दानापुर एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया है। इसी तरह अप पंजाब मेल, विभूति एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, हिमगिरी एक्सप्रेस,भागलपुर मुंबई एक्सप्रेस, भागलपुर आनंद विहार एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस और बाडमेड एक्सप्रेस को गया के रास्ते चलाया गया।