BHU: मां ने किडनी देकर बेटे को दी नई जिंदगी, छह घंटे तक चली ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया; लगे थे 10 डॉक्टर
BHU News: बीएचयू के 10 डाॅक्टरों की टीम ने छह घंटे तक ऑपरेशन कर किडनी ट्रांसप्लांट किया है। प्रत्यारोपण के बाद मां और बेटे दोनों स्वस्थ्य हैं। इलाज के लिए उन्होंने नेफ्रोलॉजी विभाग से परामर्श किया गया था।
विस्तार
Kidney Transplant in BHU Hospital: बीएचयू अस्पताल में शनिवार को 49 वर्षीय मां ने अपने 29 साल के बेटे को किडनी दान की है। सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक की ओटी में करीब छह घंटे तक चली प्रक्रिया में 10 से अधिक डॉक्टरों की टीम ने सफल प्रत्यारोपण करवाया। डॉक्टरों के मुताबिक मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं। करीब सप्ताह भर अभी निगरानी में रहेंगे।
वाराणसी के कादीपुर निवासी 29 वर्षीय युवक के उसके परिजन नौ महीने पहले बीएचयू अस्पताल लेकर आए थे। उसे यूरीन संबंधी समस्या था। शरीर में खून भी नहीं बन रहा था। यूरोलॉजी विभाग में प्रो. समीर त्रिवेदी ने उसकी जांच की। इलाज के लिए उन्होंने नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रो. शिवेंद्र सिंह से परामर्श किया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि युवक की किडनी काम नहीं कर रही है। डॉक्टरों ने परिजनों को किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी। मां किडनी को तैयार हुईं। शुक्रवार को आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार के निर्देशन में सफल प्रत्यारोपण किया गया।
टीम में शामिल रहे ये चिकित्सक
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार के निर्देशन में किडनी प्रत्यारोपण करने वाली टीम में प्रो. समीर त्रिवेदी, डॉ. उज्ज्वल कुमार, डॉ. यशस्वी सिंह, प्रो. शिवेंद्र सिंह व उनकी टीम शामिल रही। एनेस्थीसिया विभाग से प्रो. एपी सिंह की देखरेख में डॉ. अमृता ने प्रक्रिया पूरी करवाई।
एक साल में पांचवां ट्रांसप्लांट
- 23 मई 2025 : 29 साल के युवक को 49 वर्षीय मां ने किडनी डोनेट किया।
- 04 मार्च 2025 : 61 साल के पिता ने 31 साल की बेटी को दिया किडनी।
- 30 जनवरी 2025 : 55 वर्षीय व्यक्ति को पत्नी ने किडनी देकर दिया नया जीवन।
- 14 नवंबर 2024 : 55 वर्षीय मां ने 35 वर्षीय बेटे को किडनी दिया।
- 16 मई 2024 :39 वर्षीय युवक को 34 वर्षीय पत्नी ने दी किडनी।