Holi 2021: आज शराब पीकर हुड़दंग की तो खैर नहीं, सख्ती से निपटेगी वाराणसी पुलिस
- अस्पतालों को अलर्ट जारी, इमरजेंसी में मुस्तैद रहेंगे चिकित्सक, कंट्रोल रूम में दे सकेंगे जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। वाराणसी पुलिस की ओर से अपील की गई है कि होली के दिन सार्वजनिक स्थानों में हुड़दंग न करें। शराब पीकर तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं। सार्वजनिक स्थानों पर किसी से अभद्रता न करें। अगर ऐसा करते कोई पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोमवार को शहर से लेकर गांव तक होली का जश्न है। पुलिस टीमें लगातार चक्रमण कर रही हैं। इसके अलावा अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इमरजेंसी में चिकित्सक और कर्मचारी मुस्तैद हैं।
पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने पुलिस परिवार की ओर से सभी को होली की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि आपसी प्रेम और भाईचारे के त्योहार होली को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और सतर्कता बरतें। कोई भी ऐसा काम न करें, जिससे किसी को ठेस पहुंचे।
वाराणसी में सभी थानों और चौकियों को गंभीरता से चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए है।
होली पर स्वास्थ्य केंद्रों में अलर्ट
आमतौर पर रंग खेलने के दौरान छोटी-बड़ी दुघर्टनाएं भी सामने आती हैं। इस तरह के किसी भी हालात से निपटने के लिए वाराणसी के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। जहां अस्पतालों में इमरजेंसी में चिकित्सक-कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे, वहीं आकस्मिक स्थिति में जांच सहित अन्य सुविधाओं के लिए भी लोगों को परेशानी नहीं होगी। शहर में अगर इस तरह की कोई घटना घटती है तो इसकी सूचना सिगरा स्थित कोविड कमांड कंट्रोल रूम के साथ 108 नंबर पर एंबुलेंस को दी जा सकती है।
जिले में बीएचयू अस्पताल, मंडलीय अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर, विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में इमरजेंसी के साथ ही शहरी और ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इमरजेंसी में चिकित्सकों, कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि अगर किसी तरह की कोई घटना होती है, इससे निपटने के लिए इमरजेंसी की दशा में 108 एंबुलेंस से जुड़े लोगों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में एंबुलेंस को फोन कर भी बुला सकते हैं।
होली पर सरकारी अस्पतालों के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेंसी में इलाज, जांच संबंधी सभी व्यवस्थाएं रहेंगी। इसके लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया जा चुका है। संबंधित अस्पताल के एसआईसी, सीएमएस भी निगरानी करते रहेंगे। - डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ