H3N2: पूर्वांचल में इन्फ्लूएंजा की दस्तक से बढ़ी टेंशन, तीन जिलों में संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य महकमा अलर्ट
कोरोना का संक्रमण कम होने के बाद अब लोग इन्फ्लूएंजा एच3एन2 वायरस से परेशान हैं। इसके लक्षण भी कोरोना से मिलते जुलते हैं। वाराणसी में एक बुजुर्ग के अलावा मिर्जापुर के एक व्यक्ति में भी इन्फ्लूएंजा के नए वायरस की पुष्टि हुई है। जौनपुर के एक मरीज में भी लक्षण मिले हैं।
विस्तार
वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा के दस्तक से टेंशन बढ़ गई है। वाराणसी में एक बुजुर्ग के अलावा मिर्जापुर के एक व्यक्ति में भी इन्फ्लूएंजा के नए वायरस की पुष्टि हुई है। जौनपुर के एक मरीज में भी लक्षण मिले हैं। इससे स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ी है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
वाराणसी के टकटकपुर निवासी 86 वर्षीय जिस बुजुर्ग में नए वायरस एच-3 एन-2 की पुष्टि हुई है, उसको सांस लेने में तकलीफ थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के साथ उसके परिजनों की सेहत पर नजर बनाए हुए है। उधर, अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर नए सिरे से अलर्ट जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही बाबतपुर एयरपोर्ट पर जांच के लिए लगाई गई हैं।
बुजर्ग बीएचयू अस्पताल में भर्ती
नए वायरस के लक्षण मौसमी बीमारियों से मिलते जुलते हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कनौजिया ने बताया कि संक्रमित को सांस लेने में तकलीफ हुई थी। अस्पताल दिखाने गया और जांच के बाद इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हुई।
ये भी पढ़ें: बदलते मौसम में इन्फ्लूएंजा संक्रमण बढ़ने का खतरा ज्यादा, जानें- इससे बचने के लिए क्या करें और क्या नहीं
डॉक्टरों की सलाह पर उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित के घर गई और नए वायरस के कारण व बचाव की जानकारी दी। प्रथम दृष्टया परिजनों में कोई लक्षण नहीं मिले हैं। सभी लोगों के सैंपल लिए गए हैं। पैथालॉजी जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।
ये लक्षण दिखे तो तुरंत लें डॉक्टर की सलाह
- - सर्दी, खांसी या सिर में दर्द होना।
- - तीन दिन तक लगातार बुखार होना।
- - सांस लेने में तकलीफ या शरीर में जकड़न महसूस होना।
- - उल्टी महसूस होना। बार-बार छींक आना।
अस्पतालों में जांच की निशुल्क व्यवस्था
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की निशुल्क व्यवस्था है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल, शास्त्री अस्पताल, स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में जांच कराई जा सकती है। इन्फ्लूएंजा के संभावित लक्षण दिखे तो डॉक्टरों से सलाह लें।