फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Ground Report in Jaunpur Enters Cancer Red Zone Due to Consumption of Local Intoxicant Dohra

‘दोहरा’ से तबाह होती सेहत: कैंसर के रेड जोन में जौनपुर, तीन महीने में मिले 284 संदिग्ध, मुंह के कैंसर के लक्षण

Fri, 29 May 2026 09:11 AM IST
Pragati Chand बीरेंद्र कुमार शुक्ल, अमर उजाला ब्यूरो, जौनपुर।
बीरेंद्र कुमार शुक्ल, अमर उजाला ब्यूरो, जौनपुर। Published by: Pragati Chand Updated Fri, 29 May 2026 09:11 AM IST
सार

Jaunpur News: देशी नशा दोहरा खाने से जौनपुर कैंसर के रेड जोन में पहुंच गया है। जिले में तीन महीने में 284 संदिग्ध मिले। इन सभी मरीजों में मुंह के कैंसर के लक्षण मिले हैं। 

विज्ञापन
Ground Report in Jaunpur Enters Cancer Red Zone Due to Consumption of Local Intoxicant Dohra
देशी नशा दोहरा खाने से कैंसर के रेड जोन में पहुंचा जौनपुर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पूर्वांचल का जौनपुर जिला कैंसर के रेड जोन में आ गया है। यहां पिछले तीन महीने में कैंसर के 284 संदिग्ध मिले हैं। सभी में मुंह के कैंसर के लक्षण हैं। इन सभी के पीछे कारण देशी नशा दोहरा का सेवन है। ये खराब सुपारी से बना वो नशा है, जिसके बेचने पर रोक लगी है।

विज्ञापन


शहर के रुहट्टा मोहल्ले के 50 वर्षीय प्रेमचंद मौर्य इस समय बिस्तर पर हैं। उनको सिर्फ तरल पदार्थ खाने को दिए जाते हैं। करीब 6 साल पहले मुंह का कैंसर हुआ था। दो बार ऑपरेशन हो चुका है। संक्रमण गले तक पहुंच चुका है। प्रेमचंद मौर्य कहते हैं, एक बार छोटे भाई से दोहरा न छोड़ने पर बहस हो गई थी। मैंने उससे कह दिया था, मर जाऊंगा पर दोहरा नहीं छोडूंगा। अगर भाई की बात मान ली होती तो आज ये दिन नहीं देखना होता।
विज्ञापन


मोहल्ला रामचित्र मंदिर रासमंडल के फैसल हसन वर्ष 2023 से मुंह के कैंसर से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि दोहरा ने मेरी जिंदगी का बैरियर गिरा दिया। पत्नी, बच्चे और भाई के चेहरों पर हमेशा खौफ नजर आता है। परिवार इस डर में जीता है कि कहीं मुझे कुछ हो न जाए। मुझे दिलासा देते हैं, हौसला बढ़ाते हैं। कैंसर से ज्यादा परिवार के सदस्यों के चेहरों पर दिखता खौफ मुझे दर्द देता है। दोहरा खाने की लत की सजा आज पूरा परिवार भुगत रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दोहरा खाने से मुंह के कैंसर के कारण 2022 में सपा जिलाध्यक्ष रिजवान हैदर राजा की भी मौत हो चुकी है। रिजवान की उम्र उस समय सिर्फ 32 साल थी। विकास भवन के संजय चौहान और प्रोफेसर अजय श्रीवास्तव भी मुंह के कैंसर से जूझ रहे हैं।तीन महीने में जौनपुर में 8,070 लोगों की जांच हो चुकी है।

जौनपुर में 15 साल से ज्यादा उम्र के 43% पुरुष तंबाकू खाते हैं

विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मुंह के कैंसर का प्रतिशत 15.6 है, जो फेफड़ों व अन्य प्रकार के कैंसर से लगभग दोगुना है। नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे 2021 के अनुसार जौनपुर में 15 साल या उससे अधिक उम्र के 43% से अधिक पुरुष किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन करते हैं। इनमें 5.8% महिलाएं हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 में जिले के सरकारी अस्पतालों में लगाए 175 शिविरों में 8,070 लोगों के मुंह की जांच की गई, इनमें से 284 (3.52%) लोग संदिग्ध पाए गए, जिनको जांच के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

इसे भी पढ़ें; CM Yogi Visit: मऊ में आ रहे सीएम योगी, 130 करोड़ की 49 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

2013 में दाखिल की थी पीआईएल, गांजे की तरह बिक रहा दोहरा
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज का कहना है कि 1998 से मैंने दोहरा खाना शुरु किया था। कैंसर के मामले लगातार सामने आने पर 2013 में दोहरा खाना बंद कर दिया था। अधिवक्ता विकास तिवारी और पंकज सोनकर के साथ मिलकर कोर्ट में पीआईएल (जनहित याचिका) दाखिल की। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने जिले में दोहरा की बिक्री पर रोक का आदेश था लेकिन पुलिस-प्रशासन की लापरवाही के कारण जिले में गांजे की तरह दोहरा बिक रहा है। पहले लाल, नीली और पीली पुड़िया में शंकर और गणेश के नाम पर 5 और 10 रुपये में बिकने वाला दोहरा अब 20 और 50 रुपये में बिक रहा है।

शहर में खुलेआम बिकता है दोहरा
दोपहर करीब 2 बजे। रोडवेज बस स्टैंड पर एक महिला खुलेआम दोहरा बेचते मिली। हाथ में दोहरा के पैकेट से भरी काली पॉलिथीन थी। पूछने पर कहा, साहब, लेना हो तो पैसे दो। कितने पैकेट चाहिए। छोटा पीस 20 का तो बड़ा पीस 50 रुपये का है। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे ओलंदगंज में पान की एक दुकान पर पहुंचे। दुकान पर बैठे लड़के से दोहरा के बारे में पूछा तो पहले कोई जवाब नहीं दिया। दोबारा पूछने पर दुकान के बाहर चारों ओर झांक कर बोला, कितने पैकेट चाहिए। छोटा या बड़ा, लेकिन पैसे पहले दो। वो बड़ी सी पॉलिथीन से निकाल कर दोहरा का पैकेट देता है। 

इसी तरह रुहट्टा, लाइन बाजार, शहर कोतवाली, कलेक्ट्रेट, कचहरी के आसपास के इलाकों में खुलेआम दोहरा बिक रहा है। पान मसाला में तम्बाकू की मिलावट पर रोक है। पान मसाला की तर्ज पर दोहरा और तम्बाकू को अलग-अलग पुड़िया में बेचा जाता है, ताकि खाद्य विभाग और पुलिस-प्रशासन के छापे में पकड़े जाने पर कोई कार्रवाई न हो। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई भी जब्ती तक सीमित रहती है।

जिले में कैंसर के इलाज की नहीं है व्यवस्था
टाटा कैंसर हॉस्पिटल, मुंबई में जौनपुर को रेड जोन में रखा गया है। जौनपुर के मुंह के कैंसर के ज्यादातर मरीज टाटा कैंसर हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए जाते हैं। वहां के डॉक्टरों का मानना है कि जौनपुर से आए 90 प्रतिशत मरीजों में कैंसर की पुष्टि होती है। कैंसर के मरीजों का आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। एक अनुमान के तौर पर जिले में ईएनटी और दांतों के 60 डॉक्टर हैं। इनके यहां हर महीने 20 से 25 नए केस मुंह के कैंसर के आते हैं। इन मरीजों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाता है। जिले में कैंसर की जांच और इलाज के लिए कोई सेंटर नहीं है।

ये है दोहरा
खराब सुपारी को छोटे-छोटे टुकड़ों (फर्री) में काट कर रातभर चूने के पानी में भिगोया जाता है। भीगी सुपारी में लौंग और पिपरमिंट मिलाया जाता है। फिर कच्ची तम्बाकू के साथ लोग इसे खाते हैं। नशा बढ़ाने के लिए डोडा पानी भी मिलाया जाता है। कच्ची तम्बाकू और खराब गुणवत्ता की सुपारी का लगातार सेवन करने से मुंह पूरा नहीं खुलता है, जिससे मुंह के अंदर गंदगी जमने लगती है और यही कैंसर का कारण बनती है।

क्या बोले अधिकारी

शिकायत मिलने पर छापा मार कर दोहरा पकड़ा जाता है, सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं। कई बार दोहरा में तम्बाकू या हानिकारक तत्व नहीं पाए जाते हैं। तीन दिन पहले ही दो जगहों से बड़ी मात्रा में दोहरा पकड़ा गया था। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। -देवेश उपाध्याय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जौनपुर

जिला अस्पताल में संदिग्ध मरीजों की जांच कराई जाती है। इसके बाद उनको हायर सेंटर रेफर किया जाता है। दोहरा, पान मसाला और तम्बाकू के सेवन से मुंह का कैंसर होता है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को भी लगातार जागरूक करता रहता है। प्रशासन से अपील है कि वह दोहरा की बिक्री पर रोक लगाए। -डॉ. प्रभात सिंह, प्रभारी सीएमओ

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed