कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान: काशी में पांच लाख भक्तों ने किया गंगा पूजन, बाबा विश्वनाथ व कालभैरव के दर्शन
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी में लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और दान किया। दशाश्वमेध, अस्सी, तुलसी और पंचगंगा घाट पर सबसे अधिक भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दरबार पहुंचे।
विस्तार
काशी में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि गंगा के घाटों से लेकर मंदिरों की गलियों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भोर की पहली किरण के साथ गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष गूंजने लगे। किसी ने गंगा की धारा में डुबकी लगाई तो किसी ने हाथ जोड़कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
गंगा पूजन, दीपदान और दान-पुण्य के बीच करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। दशाश्वमेध, अस्सी, तुलसी और पंचगंगा घाट पर सबसे अधिक भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, कालभैरव और मां अन्नपूर्णा के दरबार में हाजिरी लगाई।
कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के लिए काशी में श्रद्धालुओं का पहुंचना सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार को भोर होते-होते गंगा के प्रमुख घाटों पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। दशाश्वमेध घाट पर गंगा स्नान और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं तो अस्सी घाट पर भी सुबह से ही लोगों का जमावड़ा रहा। तुलसी घाट और पंचगंगा घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
गंगा की धारा में उतरकर लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर धार्मिक आस्था के कई रंग दिखाई दिए। कहीं श्रद्धालु गंगा में स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देते नजर आए तो कहीं पुरोहितों के सानिध्य में विधि-विधान से गंगा पूजन कराया गया। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बड़ी संख्या में स्नान और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दान-पुण्य किया। कई लोगों ने कच्चे चावल और अन्न का दान कर धार्मिक परंपरा निभाई। घाटों पर मंत्रोच्चार और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच सुबह से धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। घाटों से मंदिरों तक दर्शन-पूजन की कतार गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं का रुख काशी के प्रमुख मंदिरों की ओर हुआ। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे।
बाबा कालभैरव और मां अन्नपूर्णा के मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही। गंगा घाटों से मंदिरों तक जाने वाली गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। पूर्वांचल के जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से आए लोगों ने भी कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन को विशेष पुण्यकारी मानते हुए धार्मिक अनुष्ठान किए।
भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात की रही परीक्षा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। प्रमुख घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। जल पुलिस की टीमें गंगा में निगरानी करती रहीं, जबकि एनडीआरएफ के जवान भी मुस्तैद रहे।
श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती गई। घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। रूट डायवर्जन के बावजूद सामनेघाट पुल और राजघाट पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुबह स्नान करने वालों की संख्या करीब पांच लाख के करीब रही।
